घर पर शादी न कर खर्च होने वाली राशि विवाह समिति को दान की
18 को युवा संगठन के तत्वावधान में होगा 32वां सामूहिक विवाह
भास्कर संवाददाता | दसई
18 अप्रैल को पाटीदार समाज युवा संगठन के तत्वावधान में 32वां रात्रिकालीन सामूहिक विवाह होगा। इसमें नगर के धनाढ्य वर्ग के लोगों ने अपने पोते-पोतियों का विवाह घर पर नहीं करने का निर्णय लेकर सामूहिक विवाह में करने का फैसला किया। घर पर विवाह में खर्च होने वाली राशि सामूहिक विवाह समिति में दान करने की पहल शुरू की।
नगर के रामलाल पिता जगन्नाथ हलाल ओंकारवाला ने सामूहिक विवाह में भोजन प्रसादी के लिए 1 लाख 11 हजार 100 रु., मांगीलाल काना भोपावाला के पुत्र गोपाल, गोविंद व बालमुकुंद कानाभोपावाला ने 1 लाख 11 हजार 100 सौ 11 रुपए की राशि दान की। इनके यहां लड़के के बेटे-बेटियों की शादी है। साथ ही मांगीलाल घाटीवाला ने 51 हजार रु. भोजन के लिए दान किए। रमेशचंद्र दंतोड़िया वाला ने आयोजन में शामिल होने वाली प्रत्येक वधू को चांदी की बिछुड़ी देने की घोषणा की। आयोजन में लगने वाले सीसीटीवी कैमरे की नि:शुल्क व्यवस्था बालमुकुंद वालासिवावाला ने की। भोजन के लिए राशि देने वाले रामलाल हलाल ओंकार की पुत्री एवं मांगीलाल कानाभोपावाला व मांगीलाल घाटीवाला के पुत्र की सुपुत्री का विवाह इस वर्ष सामूहिक विवाह में होगा। आयोजन में करीब 46 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसमें दसई नगर के 17 वर व 21 वधू शामिल हैं। समाजजन को भोजन भी प्लेट में खिलाया जाएगा।
वीर तेजाजी ग्रुप पार्किंग व्यवस्था देखेगा
इच्छापूर्ण सुंदरकांड समिति को भोजन पांडाल में प्लेट, लगान फ्रेंडस ग्रुप को नर्सरी डेकोरेशन व भोजन, आजाद युवा संगठन को धर्मशाला, बर्तन व भोजन, सम्राट ग्रुप को पांडाल की सफाई, शिव संगठन को दहेज रखना व भोजन, सिया के राम व तोरण दरवाजा मित्र मंडल को पांडाल में पानी, विनायक फ्रेंड्स ग्रुप को मंडप सजावट-भोजन, वीर तेजाजी ग्रुप को वाहन पार्किंग की व्यवस्था सौंपी गई है।