फेज-1 नेचर हाइट इंफ्रा कंपनी ने प्लॉट देने के नाम पर पुलिस मुलाजिमों से ही 15 लाख रुपए की ठगी मार ली। जिले के अलग-अलग थानों में तैनात सुरिंदर सिंह, करनैल चंद, हवलदार राजिंदर सिंह, हवलदार साहिब सिंह व हवलदार विक्रम सिंह ने शिकायत दी है कि उन्होंने 250, 200 व 150 गज के प्लॉट लेने के लिए कंपनी से संपर्क किया। उन्होंने 15 लाख रुपए कंपनी प्रबंधकों को दिए, लेकिन पैसे लेने के बाद उक्त व्यक्ति फेज-1 ब्रांच बंद कर फरार हो गए।
पुलिस ने अपने ही मुलाजिमों की शिकायत पर कंपनी के मुलाजिम बलविंदर सिंह निवासी सलेमपुर जिला फतेहगढ़ साहिब, सोहाना निवासी चरनजीत सिंह, ब्रांच इंचार्ज अंकित कुमार व एके. सिंह निवासी फेज-1 के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420, 120बी के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस मुलाजिमों ने बताया कि नेचर हाइट इंफ्रा कंपनी ने फेज-1 एससीओ नंबर 20 में ब्रांच खोली थी। हेड आॅफिस अबोहर में था। बलविंदर सिंह व चरनजीत सिंह ने बताया था कि वह डिस्ट्रीब्यूटर हैं और कंपनी पटियाला व पंजाब के अन्य शहरों में कॉलोनियां बनाकर प्लाॅट बेच रही है।
उनकी मुलाकात कंपनी के ब्रांच हेड अंकित कुमार व एके. सिंह से करवाई गई। उन्होंने 15 लाख रुपए दिए, लेकिन पैसे लेने के बाद वह फरार हो गए।
कंपनी पर फाजिल्का, अबोहर में भी दर्ज हैं केस
कंपनी के खिलाफ 24 मामले फाजिल्का में, 10 मामले अबोहर में और 2 मामले थाना सिटी जलालाबाद में भी दर्ज हैं। मोहाली में भी कंपनी कई अन्य लोगों को भी ठग चुकी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।