भास्कर संवाददाता|फतेहगढ़ साहिब
जिले के सरकारी आॅफिसों में काम के लिए आने वाले लोगों को सुविधा, सर्विस विद स्माइल यानी कर्मियों के खिले चेहरे से मिलेगी। जिससे आॅफिसों में आने वाले लोगों को अपनापन महसूस होगा। ऐसे में कर्मियों के प्रति उनका सम्मान बढ़ेगा। बचत भवन में 2013 के बाद नियुक्त दर्जा दो और दर्जा तीन श्रेणी के सभी कर्मियों और अधिकारियों को ट्रेनिंग देने के लिए 12 दिवसीय शिविर शुरू हुआ। महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान पंजाब, क्षेत्रीय केंद्र पटियाला की ओर से केंद्र के परसोनल ट्रेनिंग विभाग की ओर से दी जाने वाली ट्रेनिंग शिविर की शुरुआत एसडीसी आनंद सागर शर्मा ने की।
2013 के बाद भर्ती दर्जा दो और तीन के सभी कर्मियों और अधिकारियों को किया शामिल
पहले पांच दिन सॉफ्ट स्किल, उसके बाद फील्ड का दिलाया जाएगा अनुभव
मगसीपा प्रशासकीय डिवीजन चंडीगढ़ के इंचार्ज व ट्रेनिंग प्रोग्राम कोर्स के डायरेक्टर डाॅ. आरके शर्मा ने बताया कि कर्मियों को यह ट्रेनिंग 1 जून तक दी जाएगी। पहले पांच दिन कर्मियों के सॉफ्ट स्किल, उसके बाद उन्हें आम लोगों से किस तरह बात करनी है, उन्हें सर्विस विद स्माइल कैसे देनी है उसकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही रिकाॅर्ड संभाल, प्रबंधन व दूसरे कार्यों की ट्रेनिंग के साथ उन्हें दो दिन फील्ड में ले जाया जाएगा। जिससे उनमें सेवा, ड्यूटी को ईमानदारी व निष्ठा से निभाने की भावना पैदा होगी।
ट्रेनिंग में बताया गया कि किसी भी क्षेत्र में ली गई ट्रेनिंग किसी के भी काम को न केवल बेहतर बनाती है साथ ही उसकी सफलता में सहयोग करती है। ट्रेनिंग के बाद कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी। उनकी प्रतिभा में निखार आएगा। रीजनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर एमएल शर्मा ने कर्मियों को सेवा व निष्ठा से ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। इंजीनियर हरजीत सिंह, यशपाल मानवी ने सूचना एक्ट और लखबीर सिंह ने भ्रष्टाचार एक्ट की जानकारी दी।