- Hindi News
- National
- पालतू कुत्ता नहर में कूदा, उसे बचाने चचेरे भाई उतरे तो रस्सी टूटी, दोनों बहे
पालतू कुत्ता नहर में कूदा, उसे बचाने चचेरे भाई उतरे तो रस्सी टूटी, दोनों बहे
भास्कर संवाददाता | फतेहगढ़ साहिब
गांव तरखान माजरा से गुजरती भाखड़ा नहर में डूब रहे कुत्ते को बचाने उतरे दो चचेरे भाई पानी के बहाव में बह गए। इनका अभी तक कुछ पता नहीं लग पया है। एक युवक गांव तरखान माजरा का 21 वर्षीय जोनी तथा दूसरा गांव जस्सोवाल पटियाला का 19 वर्षीय मोनू है। लापता युवाओं के परिजनों ने बताया कि दोनों अपने कुत्ते को घुमाने के लिए नहर के पुल तक गए थे। इस दौरान कुत्ता भाग निकला तथा नहर में जा गिरा। उसे बचाने के लिए मोनू नहर में उतर गया। नहर के किनारे जोनी हाथ में रस्सी लिए मोनू को संभाल रहा था। इस दौरान रस्सी टूट गई तथा जोनी का संतुलन बिगड़ गया आैर वह भी नहर में जा गिरा। इनका अभी तक कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
मोनू
घर में मातम, कबाड़ का काम करते थे दोनों
दोनों युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही गांव आैर घर में मातम पसर गया। दोनों ही युवक गरीब परिवार से हैं तथा कबाड़ एकत्र करने का काम करते थे। घटना वाले दिन भी वह काम से लौटने के बाद नहर के किनारे पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए निकले थे। मामले की जांच कर रहे थाना सरहिन्द के एएसआई हरमिन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों युवाओं को तलाश कर रही है लेकिन अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया।
जोनी
सड़क दुर्घटना में साइकिल चालक की मौत, टैंकर चालक मौके से हुआ फरार
भास्कर संवाददाता | बनूड़
बनूड़ बैरियर पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। घटना में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। थाना बनूड़ के एएसआई राम कृष्ण ने बताया कि मान सिंह निवासी गांव छड़बड़ बनूड़ बैरियर के नजदीक संत बाबा वरियाम सिंह स्कूल में चौकीदारी की नौकरी करता था। सुबह 5:30 बजे के करीब वह गांव छड़बड़ से बनूड़ की तरफ जा रहा था। इस दौरान तेपला की तरफ से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। जांच अधिकारी ने बताया कि टैंकर को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार और स्कूटर की टक्कर में 1 की मौत
भास्कर संवाददाता | अमलोह
भादसों रोड पर नूरपुरा बस स्टैंड पर कार-स्कूटर में टक्कर होने से व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के पारिवारिक सदस्य गुरप्रीत सिंह ने कहा कि हाकम सिंह चैहल से अमलोह आ रहा था। गांव नूरपुरा के बस स्टैंड के पास कार के साथ एक्सीडेंट हो गया। गंभीर हालत में उसे अमलोह के सिविल अस्पताल ले जाया गया पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डेडबॉडी पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दी है।