महिला आयोग की चेयरपर्सन ने किया केंद्रीय सुधार घर का दौरा
एनआरआई दूल्हों की सताई पंजाबी युवतियों के करीब 26 हजार मामले पंजाब राज्य महिला अधिकार आयोग के पास विचाराधीन हैं और इन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव य| किए जा रहे हैं। ये विचार पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने पटियाला केंद्रीय सुधार घर में महिला बंदियों को मिलने के बाद कहे। उन्होंने कहा कि एनआरआई दूल्हों की समस्या के हल के लिए वे कैनेडा और ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिशन के साथ तालमेल कर रही हैं और बाद में अन्य देशाें के विदेश विभागों के साथ संपर्क साधा जाएगा।
पटियाला जेल दौरे में जनाना अहाते और क्रेच सहित स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निरीक्षण करते हुए गुलाटी ने जेल की महिला बंदियों से बातचीत की। बाद में उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली। उन्होंने जेल के महिला अहाते में साफ सफाई सहित खाने पर संतुष्टि प्रकट की और पटियाला जेल की महिला बंदियों और उनके बच्चों को मिलती सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए इस माॅडल को राज्य की अन्य जेलों में भी अपनाए जाने पर जोर दिया। इस अवसर पर श्रीमती गुलाटी ने कहा कि वे राज्य की सभी जेलों का दौरा करेंगी और वहां बंद महिला बंदियों की मुश्किलें सुनकर इनका हल करवाया जायेगा और जेलों में इन्हें मिलती सुविधाओं का जायजा भी लिया जायेगा। इस दौरान पटियाला जेल के सीनियर सुपरिंटेंडेंट राजन कपूर ने जेल सुधार के कुछ प्रस्तावों का जिक्र किया। इस पर श्रीमती गुलाटी ने विश्वास दिलाया कि इन्हें जेल मंत्री और मुख्य मंत्री के ध्यान में ला कर वह इस पर अपेक्षित कार्रवाई किए जाने की सिफारिश करेंगे। वहीं राजन कपूर ने बताया कि यहां 95 महिलाएं बंद हैं, जिन्हें स्किल विकास केंद्र में सिलाई कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर के पाठयक्रम, मैडिकल सुविधाएं देने सहित काउंसलिंग, मेडिटेशन और योगा करवाया जाता है। इस अवसर पर पंजाब राज्य महिला आयोग के सलाहकार लव शर्मा, एडवोकेट शिवांकर गुलाटी, एसडीएम पटियाला अनमोल सिंह धालीवाल, एसपी सिटी केसर सिंह, जेल के अतिरिक्त सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल, जेल के भीतरी जनाना अहाते की प्रभारी सहायक सुपरिंटेंडेंट नछत्तर कौर, सीडीपीओ पटियाला देहाती सुप्रीत बाजवा, सीडीपीओ भुनरहेड़ी अनु र| व अन्य उपस्थित रहे।