सड़क को चौड़ा करने के चक्कर में बर्म छोड़ना भूल गया पीडब्ल्यूडी
शहर में सरहिंद बाईपास से फोकल प्वाइंट की ओर जा रही सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के चक्कर में पीडब्ल्यूडी महकमा बर्म (कच्ची सड़क) छोड़ना भूल गया है। एेसे में जब सड़क बन जाएगी तो सड़क के दोनों तरफ लगे पेड़ दुर्घटनाओं का कारण बनेंगे। नियम के मुताबिक सड़क के दोनों तरफ डेढ़ मीटर की बर्म छोड़ना जरुरी है, ताकि किसी ने बीच रास्ते अपनी कार या अन्य व्हीकल रोकना है तो वह एक साइड में व्हीकल लगाकर रुक सके। इस सड़क पर साढ़े पांच मीटर क्लियर हाइट रखना भी अनिवार्य है। सड़क के आस-पास लगे पेड़ों की शाखाएं कभी भी किसी हादसे का कारण बन सकती हैं। बचने के लिए वाहन स्पीड पर कट मारते हैं। पेड़ों की शाखाओं से बचते हुए बड़े वाहन कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे सकते हैं।
सड़क किनारे पेड़ों की बढ़ी हुईं शाखाओं से भी लोग परेशान
सरहिंद बायपास से फोकल प्वाइंट को जा रही सड़क की बढ़ाई जा रही चौड़ाई, नहीं छोड़ी बर्म।
डेढ़ मीटर बढ़ा रहे चौड़ाई, जरूरत पड़ी तो फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को कहेंगे: एक्सईएन
इस संबंधी पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन नवीन मित्तल ने कहा कि वह सुबह मौके का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल ढाई मीटर सड़क की खुदाई की गई है ताकि रोलर सही ढंग से चलाया जा सके। सड़क की चौड़ाई केवल डेढ़ मीटर ही बढ़ाई जानी है। फिर भी अगर किसी जगह पेड़ों की कटाई की जरूरत पड़ी तो वह फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को केस बनाकर भेज देंगे।
जल्द करवाएंगे शाखाओं को कटवाने का काम: डीएफओ हरभजन सिंह
इस संबंधी जब डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑॅफिसर हरभजन सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बर्म न छोड़ने का मामला उनके ध्यान में नहीं है। वह मौके का जायजा लेंगे। रही बात सड़क पर पेड़ों की बढ़ी शाखाओं की, तो वह जल्द ही शाखाओं को कटवाने का काम शुरू करवाएंगे ताकि ट्रैफिक में चलने वाले वाहनों और लोगों को किसी तरह का जानी-माली नुकसान न हो।