चंडीगढ़ | विजिलेंस ने पीएसपीसीएल के एक लाइनमैन और उसके एक दलाल को 30,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि पटियाला जिले के पातड़ां में तैनात लाइनमैन राकेश कुमार और उसके दलाल की भूमिका निभाने वाले दीपक गोयल को शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह निवासी गांव घग्गा की शिकायत पर काबू किया गया है। शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा कि आटा चक्की के लिए बिजली का कनेक्शन लगाने के बदले उक्त लाइनमैन दलाल के द्वारा 30 हजार रुपए की मांग की जा रही है। बताते हैं कि आरोपी लाइनमैन और उसके दलाल ने सब डिविजन के एसडीओ दविंदर कुमार और जेई करमजीत सिंह के साथ भी इस केस में से मिलने वाली रिश्वत की राशि मेंं से हिस्सा देने के लिए पहले ही बातचीत तय की हुई थी। विजिलेंस ने लाइनमैन और दलाल को तो गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एसडीओ और जेई के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।