रमजान आज से, 50,000 नमाजी करेंगे नमाज अदा
17 मई से 17 जून तक रखे जाएंगे रोजे
भास्कर संवाददाता | पटियाला
आज से रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। चांद दिखने पर रमजान 17 मई से शुरू होगा। वहीं 16 मई से पुरुषोत्म मलमास भी शुरू हो गया है। मई में दो धर्मों के त्यौहार एक साथ आ रहे हैं, जिससे पूरे महीने भर मंदिरों में भजन कीर्तन आैर मस्जिदों में नमाज पढ़ने वालों की भीड़ रहेगी। आज से रमजान शुरू हो रहे हैं। 17 मई से 17 जून तक रोजे रखे जाएंगे। 17 जून को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। इसको लेकर माॅल रोड स्थित ईदगाह की सजावट शुरू हो गई है। 17 जून को मुस्लिम भाईचारे द्वारा ईदगाह में नमाज अदा की जाएगी। पटियाला के ए-टैंक स्थित जामा मस्जिद के मौलवी मोहम्मद नाइम ने बताया कि 16 मई को चांद देखकर 17 मई से रमजान का महीना शुरू होगा। रोजाना डेढ़ घंटे रात 9 से 10:30 बजे तक नमाज में कुरान शरीफ पढ़ी जाएगी। 17 जून को ईद वाले दिन नमाज पढ़ने से पहले शिरनी (मीठा) खाकर पटियाला के करीब 50 हजार मुस्लिम ईदगाह में नमाज अदा करेंगे।