पटना| राजधानी में नकली व अवैध विदेशी सिगरेटों और सिगार
पटना| राजधानी में नकली व अवैध विदेशी सिगरेटों और सिगार की बिक्री जोरों पर है। धंधे में लिप्त माफिया टैक्स चोरी कर सरकार को सालाना करोड़ों की चपत लगा रहे हैं। इस बाबत द टोबैको इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने एसएसपी मनु महाराज से लिखित शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पीरबहोर, एसकेपुरी, कोतवाली, पाटलिपुत्र, आलमगंज, पत्रकार नगर, जक्कनपुर, राजीवनगर, दानापुर और चौक थाने को छापेमारी का आदेश दिया है। सूत्रों की मानें तो यह खेल दो स्तरों पर होता है। बंगलादेश, बंगाल और नेपाल के रास्ते पटना तक सिगरेट पहुंचती है। वहीं राजधानी और आसपास के इलाकों में भी कई माफियाओं ने नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री खोल ली है। पिछले साल जून में पुलिस ने फतुहा के जेठुली में छापेमारी कर नकली विदेशी सिगरेट बनानेवाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था। तब पुलिस ने सिगरेट कंपनी के मालिक राजू सुल्तानियां को 19 लाख के देसी और 12 लाख के विदेशी सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया था।