पटना एयरपोर्ट पर अगले माह से होंगे 5 बोर्डिंग गेट
पटना एयरपोर्ट पर अगले माह से बोर्डिंग गेट की संख्या बढ़ जाएगी। सिक्योरिटी होल्ड एरिया का भी विस्तार हो जाएगा। सिक्योरिटी होल्ड एरिया से विमान तक जाने के लिए यात्रियों को पांच बोर्डिंग गेट की सुविधा मिलेगी। विमान और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा एक और नए बोर्डिंग गेट का निर्माण कराया जा रहा है। यह बोर्डिंग गेट सिक्योरिटी होल्ड एरिया के फर्स्ट फ्लोर से सीढ़ी से होते हुए डायरेक्ट जाएगा। वर्तमान में पटना एयरपोर्ट पर चार बोर्डिंग गेट हैं, जिनमें तीन ही खुले रहते हैं। एयरपोर्ट के डायरेक्टर राजेंद्र सिंह लहौरिया ने बताया कि विमानों की पार्किंग के लिए सितंबर तक दो और स्टैंड बन कर तैयार हो जाएंगे। अगले माह से एक नया बोर्डिंग गेट बन तक तैयार हो जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
कैनोपी के पूरब चेक इन एरिया का होगा विस्तार : टर्मिनल बिल्डिंग चेक इन एरिया का विस्तार कैनोपी के पूरब की ओर किया जाएगा। इसका विस्तार चार महीने के अंदर हो जाएगा। इस पर एक करोड़ 34 लाख 90 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं 80 लाख 71 रुपए खर्च कर सिक्योरिटी होल्ड एरिया का विस्तार रनवे की ओर किया जाएगा। रनवे की तरफ सिक्योरिटी होल्ड एरिया के विस्तार के लिए पोटा केबिन का निर्माण किया जा रहा है। पोटा केबिन में वीआईपी लाउंज और सिक्योरिटी हट का भी निर्माण किया जाएगा।
सिक्योरिटी होल्ड एरिया का भी होगा विस्तार
ब्लाइंड यात्रियों के लिए विशेष प्रकार का लगेगा फर्श
ब्लाइंड यात्रियों के लिए पटना एयरपोर्ट पर एक विशेष प्रकार फर्श लगाया जाएगा। टैकटाइल फ्लोरिंग (स्पर्श फर्श) लगाने में 3 लाख 91 हजार 558 रुपए खर्च किए जाएंगे। इसका निर्माण दो महीने में करने का लक्ष्य रखा गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर राजेंद्र सिंह लहौरिया ने बताया कि टर्मिनल बिल्डिंग के कैनोपी से लेकर डिपार्चर गेट तक यह स्पर्श फर्श रहेगा। इसके आगे हेल्प डेस्क होगा। इस फर्श पर दृष्टिबाधित यात्री आसानी से पैरों के स्पर्श से आगे बढ़ सकेंगे।