स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं होगी दवा और उपकरणों की कमी
पटना|स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा और उपकरणों की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार दवा और उपकरणों की खरीद में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए कटिबद्ध है। वे शनिवार को बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) द्वारा आयोजित वेंडर मीट का उद्घाटन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मीट का उद्देश्य दवाओं और उपकरणों की खरीद में आ रही परेशानियों को दूर करना है। प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि सरकार ने हाल ही में आवश्यक दवाओं की सूची प्रकाशित की है। सरकार दवाओं और उपकरणों की खरीद और आपूर्ति में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं करेगी। मौके पर बीएमएसआईसीएल के एमडी संजय कुमार, स्टेट रिसोर्स यूनिट के डाॅ. हेमंत शाह, डाॅ. अनुराग बहादुर सिंह आदि मौजूद थे।