पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • हाईवे और रेल डकैत 4 गुर्गों के साथ गिरफ्तार

हाईवे और रेल डकैत 4 गुर्गों के साथ गिरफ्तार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना पुलिस की विशेष टीम ने कुख्यात रेल डकैत सालिमपुर के शब्बीर उर्फ समीर को उसके चार अन्य गुर्गों के साथ गिरफ्तार कर लिया। दिसंबर 2017 में शब्बीर और उसके गुर्गों ने बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा भी कई रेल डकैती की घटना यह गिरोह कर चुका है। हाल के दिनों में शब्बीर ने अपने गैंग को मजबूत किया और रोड डकैती, लूटपाट के साथ हत्या की सुपारी भी लेने लगा था। 8 अप्रैल को इसी गिरोह ने पटना बख्तियारपुर फोरलेन पर हाईवे को ब्लॉक कर कई ट्रक और छोटी वाहनों से लूटपाट की थी। घटना के 72 घंटे के अंदर पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने शब्बीर के साथ अथमलगोला के असलम, विकास, सालिमपुर के मिलू यादव, शंभू यादव को 3 देसी पिस्टल, 7 राउंड जिंदा पिस्टल, 6 लूट का मोबाइल, एक बाइक, सोने की एक चेन, 25 सौ नगद और लूट के तीन बैग के साथ गिरफ्तार किया। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि पुलिस शब्बीर को रिमांड पर लेगी। गिरोह के अन्य शातिरों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस में हुई लूट के बाद रेल पुलिस उसके सरगर्मी से तलाश रही थी। जांच के दौरान शब्बीर के बारे में कई जानकारी भी रेल पुलिस को मिली। गिरोह पर बख्तियारपुर रेल थाना में दो, फतुहा रेल थाने में एक और बिहारशरीफ रेल थाना में एक मामला दर्ज है। रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शब्बीर और उसके गिरोह के अन्य कांडों को पुलिस तलाश रही है। पिछले छह महीनों के भीतर हुई घटनाओं का हम रिव्यू कर रहे हैं। गुरुवार की रात शब्बीर अपने गुर्गों के साथ पटना-बख्तियारपुर के समीप हासपुरा के पास जुटा था। गिरोह लूट की किसी घटना को अंजाम देने जुटा था। इसी बीच एसएसपी को इसकी सूचना मिल गई। एसएसपी ने एएसपी बाढ़ मनोज तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फतुहा के नेतृत्व में टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया।

खबरें और भी हैं...