आरा के सदर अस्पताल में तीन बच्चों की मौत पर परिजनों का हंगामा
कुव्यवस्था : 6 दिन में 5 मासूम की मौत से उठे सवाल, अस्पताल प्रबंधन बोले- सीरियस थी बच्चों की हालत
भास्कर न्यूज | आरा
सदर अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के क्रम में एक-एक कर तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चों के परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल उग्र गया। लोग हंगामा करने लगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में बच्चों के इलाज में लापरवाही की गई। मौत की वजह अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी हैं। जब तक इन लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी, हमलोग यहां से नहीं हटेंगे। एसएनसीयू वार्ड में हंगामा होता रहा। बाद में कुछ लोगों के समझाने पर मृतक के परिजन अपने-अपने बच्चों के शव के साथ रोते बिलखते चले गए। दूसरी तरफ, एसएनसीयू वार्ड में ड्यूटी पर रहे डॉक्टर कुमार रोहित ने कहा कि दोनों बच्चों की तबीयत खराब थी। उन्हें रेफर किया गया था। लेकिन, परिजनों ने पटना ले जाने में असमर्थता दिखाई। परिजनों द्वारा क्रिटिकल हालत में लाकर बच्चों को भर्ती कराया गया था। एसएनसीयू में इलाज के दौरान 5 नवजातों की मौत 6 दिनों के अंदर हुई है। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की यहां मौत हो रही है।