इस माह रोशन होंगे देश में बचे 156 गांव, पहुंचेगी बिजली
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि इस महीने के अंत तक देश के हर गांव तक बिजली पहुंच जाएगी। इस समय मात्र 156 गांव बिजली से दूर हैं। वह इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में 224 बेड के विश्राम सदन के शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। विश्राम सदन का निर्माण पावरग्रिड काॅरपोरेशन ऑफ इंडिया कर रहा है। मंत्री ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी ने 16 मई तक शेष 18452 गांवों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य दिया था। हम इसे मई के पहले पूरा कर लेंगे। मौके पर विधायक संजीव चौरसिया, प्रत्यय अमृत, संजय कुमार, आर. लक्ष्मण, आईएस झा, चेतन वर्मा, डॉ. एनआर विश्वास भी मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय।
बांका अल्ट्रा मेगा पावर प्रोजेक्ट में समय लगेगा
कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बरौनी और कांटी बिजलीघर को एनटीपीसी के हवाले करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। हस्तांतरण के पहले राज्य सरकार से कुछ जानकारी मांगी गई है। उसके बाद विधिवत रूप से दोनों बिजलीघर एनटीपीसी को सौंप दी जाएगी। मंत्री ने सुपौल जिले में प्रस्तावित डागमारा बिजलीघर के निर्माण को लेकर समीक्षा की बात दोहरायी। वहीं 4000 मेगावाट की बांका अल्ट्रा मेगा पावर प्रोजेक्ट का निर्माण जमीन आदि कुछ औपचारिकताओं के बाद शुरू हो सकेगा।
देश के 10 करोड़ लोगों का हुआ स्वास्थ्य बीमा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए उन्हें बीमा की सुविधा दी है। गरीब लोगों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। देश के 10 करोड़ों लोगों को पांच लाख तक की स्वास्थ्य बीमा मिलेगी।
12 माह में बन जाएगा 250 बेड का विश्राम सदन
मंत्री मंगल पांडेय ने कहा आईजीआईएमएस में विश्राम सदन 12 माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए पावर ग्रिड काॅरपोरेशन ने 15 करोड़ की राशि देने की स्वीकृति दी है। उसमें जेनरिक दवा दुकान भी खोली जाएगी।
पूर्ण विद्युतीकृत बनेगा सौभाग्य गांव-जिला
उन्होंने बताया कि जो गांव पूर्ण विद्युतीकृत हो जाएंगे, उन्हें सौभाग्य गांव घोषित किया जाएगा। पूर्ण विद्युतीकृत जिले को सौभाग्य जिला घोषित किया जाएगा। 50 फीसदी से अधिक एससी-एसटी की आबादी वाले गांव हमारी प्राथमिकता में है।