नए विषयों की खोज से देश होता है समृद्ध
विज्ञान मंथन को संबोधित करते डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी।
सिटी रिपोर्टर|पटना सिटी
राज्य स्तरीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन रविवार को मरचा-मरची स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित हुआ। उद्घाटन डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि देश के वैज्ञानिक व प्रतिभावन युवा भारत की परंपरागत स्थितियों को दृष्टिगत करते हुए अनुसंधान करें। वैज्ञानिक अनुसंधान से नए विषय की खोज होती है, जिससे देश भी समृद्ध होता है।
शिविर का आयोजन विज्ञान भारती, एनसीईआरटी एवं विज्ञान प्रसार की ओर से किया जाता है। इसमें 18 छात्र चयनित हुए। इन्हें शाम में हुए कार्यक्रम में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने पुरस्कृत किया। वैज्ञानिक डॉ. अरविंद राणाडे ने भी विचार रखे। प्रतियोगिता में नालंदा, गोपालगंज, बेगूसराय सहित अन्य जिलों के 126 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कैंप में उन्हीं छात्रों को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला, जिन्होंने 26 नवबर को राष्ट्रीय स्तर पर हुई ऑनलाइन परीक्षा में भाग लिया था। उस परीक्षा में 80 हजार बच्चों ने भाग लिया था। विज्ञान भारती के प्रांत सचिव डाॅ. राम कुमार ने कहा कि विज्ञान भारती एक राष्ट्रीय स्तर का वैज्ञानिक आंदोलन है जो भारतीय विज्ञान पर बल देता है।