ऑनलाइन जेईई मेन का पेपर आसान
जेईई मेन की ऑनलाइन मोड की परीक्षा रविवार को पटना समेत अन्य शहरों में हुई। इसमें 20 हजार के आसपास छात्र शामिल हुए। परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र ऑफलाइन परीक्षा की तरह ही था।
फिजिक्स व केमेस्ट्री के सवाल मीडियम लेवल के थे, जबकि मैथ का सवाल लंबा रहा। ओवरऑल इस बार ऑनलाइन जेईई मेन का पेपर आसान रहा। हालांकि कई छात्रों को फिजिक्स के सवाल मुश्किल लगे हैं। बिहार में पटना के अलावा अन्य सात शहरों में परीक्षा ली गई। रविवार को भी एक पाली में परीक्षा ली जाएगी। देशभर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई, बीटेक में दाखिले के इच्छुक छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया।
सुबह सात बजे से ही रही केंद्रों पर भीड़
परीक्षा दो पालियों में ली गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा का आयोजन दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 तक हुआ। परीक्षा केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही भीड़ रही। इससे पहले 8 अप्रैल को ऑफलाइन मोड में परीक्षा हो चुकी है। इस मोड में देशभर से करीब 10 लाख 43 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सीबीएसई के अनुसार परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।