कार्यकर्ता ही पार्टी की नींव और रीढ़
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि भाजपा सभी जाति और वर्गों को साथ लेकर चलती है। कार्यकर्ता ही पार्टी की नींव व रीढ़ होते हैं। पथ निर्माण मंत्री रविवार को पटना साहिब में पार्टी के चौक, मारूफगंज व मालसलामी मंडल की ओर से आयोजित कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। चौक मंडल में अध्यक्ष सन्नी यादव, मालसलामी मंडल में मनीष कुमार व मारुफगंज मंडल कार्यसमिति की बैठक मनोज साह ने की।
पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब व मजदूरों के कल्याण, आर्थिक विकास, किसान युवा एवं महिला सशक्तीकरण आदि नीतियों एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि गरीबों को पक्का मकान, शौचालय व गैस चूल्हा मिले। इस कार्य योजना को मूर्तरूप दिया जा रहा है। कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। इनमें ग्राम सड़क, फसल बीमा आदि शामिल हैं। मंडल और बूथ कमेटी कार्यकर्ताओं को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। चौक मंडल में नित्यानंद सिंह, अमित कानोडिया, संजीव यादव, अजित चंद्रवंशी, किरण शंकर और मारुफगंज मंडल में पूर्व डिप्टी मेयर रूपनारायण मेहता, प्रवक्ता राजेश साह, किरण शंकर, विनय केसरी, सुजीत कुशवाहा, अर्जुन पासवान, द्वारिका कश्यप, कांति केसरी, हरेंद्र यादव आदि शामिल हुए।
मारूफगंज में कार्यसमिति की बैठक में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव।