छात्राओं को मिलेंगे स्वरोजगार के मौके
मगध महिला कॉलेज में 21 अप्रैल से इन्कयूबेशन सेंटर शुरू होने जा रहा है। मार्च महीने में ही इसकी घोषणा की गई थी। अब इसके उद्घाटन की तिथि तय कर ली गई है। अब मगध महिला कॉलेज की छात्राओं को डिग्री के साथ-साथ स्टार्टअप और स्वरोजगार के मौके मिलेंगे। कॉलेज में यूं तो वोकेशनल कोर्स के लिए प्लेसमेंट कंपनियां आती हैं। लेकिन ट्रेडिशनल कोर्स की छात्राएं कहीं न कहीं पीछे रह जाती हैं। तो इन छात्राओं के लिए कॉलेज एक मौका दे रहा है। जहां वे अपने आइडिया और क्रिएटिविटी को रोजगार का रूप दे सकती हैं। सेंटर में स्टार्टअप के लिए छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। इसमें समय-समय पर छात्राओं को इंडस्ट्री एक्सपर्ट स्टार्टअप की जानकारी देंगे। साथ ही उसे शुरू करने में संसाधन और अन्य सहायता भी करेंगे।
21 अप्रैल से हो जाएगी इंक्यूबेशन सेंटर की शुरुआत
क्या है इन्कयूबेशन सेंटर
इन्कयूबेशन सेंटर में मुख्य रूप से छात्राओं के स्टार्टअप की तैयारी को प्रारूप दिया जाएगा। इन्हें उद्यमी बनने की ओर आगे बढ़ने का रास्ता दिखाना है। अभी पटना के कुछ कॉलेजों में ये सेंटर खोला गया है। इसमें सीआईएमपी और आईआईटी हैं। महिला कॉलेजों में ये पहला मौका होगा जिसमें छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। मदद के साथ-साथ इसमें छात्राओं को स्टार्टअप के मौके को खुद से तलाश करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेंटर की ओर से विभिन्न उद्यमी को बुलाया जाएगा और सेमिनार व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। ताकि वे स्वरोजगार के मौकों का फायदा उठा पाएं और दूसरों के लिए रोजगार के द्वार खोलें।
बीकॉम विभाग बनेगा केंद्र
कॉलेज का बीकॉम विभाग इस सेंटर का केंद्र बनेगा। सेंट्रल हेड प्रो. श्वेता सरन को बनाया गया है। साथ ही इनोवेशन क्लब का भी आयोजन किया गया है। इसमें छात्राओं और शिक्षकों की टीम रहेगी। इसमें छात्राएं अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपने बिजनेस प्लान को आगे बढ़ा पाएंगी। छात्राओं के बिजनेस प्लान को मार्केट में उतारने के लिए सहायता मिलेगी, साथ ही संसाधन भी। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि शर्मा ने बताया कि वोकेशनल कोर्सेज में छात्राओं को रोजगार के कई मौके मिल जाते हैं। लेकिन ट्रेडिशनल कोर्सेज की छात्राएं कहीं न कहीं पीछे रह जाती हैं। ऐसे में कॉलेज में ये सेंटर होना छात्राओं के लिए लाभकारी होगा। इसमें छात्राएं अपनी रचनात्मकता को निखार पाएंगी।