मॉक ड्रिल में छात्राओं ने जाना आग पर काबू पाने का तरीका
पटना|मगध महिला कॉलेज में सोमवार को अग्नि सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल हुई। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से चल रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों से आग को नियंत्रित करने के तकनीक बताए गए। एसडीआरएफ टीम ने कॉलेज की छात्राओं और शिक्षकों को बताया गया कि घरेलू आग पर कैसे काबू पाया जाए, अग्निशमन यंत्र के प्रकार और उसको इस्तेमाल करने के तरीके क्या-क्या हैं। टीम के सदस्यों ने बताया कि जब घर में गैस सिलेंडर में आग लग जाए तो वो 45 मिनट बाद ही फटता है। उस दौरान दो तरीकों से आग पर काबू पाया जा सकता है। पहला तो अग्निशमन यंत्र से और अगर यंत्र मौजूद नहीं है तो गीले सूती चादर से ढककर उसे रोका जा सकता है। मौके पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि शर्मा, डॉ. जनार्दन प्रसाद, प्रो. पुष्पांजली खरे और कॉलेज की छात्राएं मौजूद रहीं।