अदालतगंज में एक साथ चल रहे चार स्कूल, औचक निरीक्षण मेें मिले 5 शिक्षक
शहर के बीचों-बीच अदालतगंज स्कूल में कई शिक्षक समय पर नहीं पहुंचते है। यह सिलसिला कई दिनों से चल रहा है। बुधवार को इस स्कूल का औचक निरीक्षण करने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय के अधिकारी सुबह 9 बजे पहुंच गए। पहले तो जो शिक्षक वहां पर थे, वे अधिकारियों को नहीं पहचान पाए। बाद में जब अधिकारियों ने इस स्कूल में स्थित चल रहे अन्य तीन स्कूलों का निरीक्षण करना शुरू किया तो, वहां पर पहले से आए हुए शिक्षकों को पता चला कि जिला शिक्षा कार्यालय के डीईओ ज्योति कुमार निरीक्षण में आए हुए हैं। डीईओ ने परिसर में स्थित चारों स्कूलों के शिक्षकों का अटेंडेंस रजिस्टर निकाला तो केवल पांच शिक्षक उपस्थित मिले। बाकी की उपस्थिति काट दी। साथ ही इनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। चारों स्कूलों में बच्चों की संख्या भी कम थी। डीईओ ने बताया कि इस परिसर में चार स्कूल चलते हैं। यह शिकायत आ रही थी कि शिक्षक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। औचक निरीक्षण के क्रम में यह शिकायत सही पाई गई। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित शिक्षकाें ने फोन पर जानकारी देकर दूसरे शिक्षकों को स्कूल बुलाया। किसी ने तबीयत खराब तो किसी ने चलने में परेशानी होने की बात कहीं। कई शिक्षकों ने कहा कि दस मिनट ही देर हुई है। अटेंडेंस बना लेने दीजिए। स्कूलों में मात्र पांच शिक्षक ही समय पर पहुंचे हुए थे। जो शिक्षक समय पर नहीं पहुंचे थे, उनकी रिपोर्ट बनाई जाएगी।
प्रस्ताव बनाकर विभाग को दी जाएगी सूचना
डीईओ ने कहा इस परिसर में चार स्कूल हैं। शिक्षक भी अधिक है। ऐसे में वे एक प्रस्ताव बनाकर विभाग को देंगे कि जहां शिक्षकों की संख्या कम है। इन स्कूलों के शिक्षकों का तबादला वहां कर दी जाए। डीईओ ने कहा कि रेगुलर स्कूलों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।