एनएच पर जाम, वाहनों की लंबी कतार, यात्री परेशान
एनएच-30 पर शुक्रवार को रुक-रुक कर पूरे दिन जाम लगा रहा। इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एनएच पर जाम लगने की वजह गांधी सेतु पर गाड़ियों का दबाव रही। इन दिनों जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
जीरो माइल से लेकर नंदलाल छपरा, पटना मसौढ़ी रोड पर सुबह 11 बजे से ही वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वाहनों में सवार यात्री तेज धूप में परेशान रहे। छोटे वाहन किसी प्रकार निकल रहे थे, जबकि ट्रक सहित अन्य वाहनों को रास्ता नहीं मिल पा रहा था। समस्या उस वक्त और भी गंभीर हो गई, जब एक ट्रैक्टर ओवरटेक कर पटना मसौढ़ी रोड पर आगे आ गया। इस पर अन्य वाहन चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रैक्टर की वजह से अन्य वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। जाम हटाने के लिए ट्रैफिक थाने के साथ स्थानीय थाना पुलिस ने प्रयास किया लेकिन छोटे वाहनों की वजह से जाम को हटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गांधी सेतु पर पहले से ही परिचालन वन-वे है। गाड़ियां धीरे-धीरे गुजरती हैं। ट्रकों की संख्या बढ़ने से जीरो माइल के पास वाहनों का दबाव बन गया। ट्रकों को रोककर यात्री वाहनों को पुलिस ने निकाला। लेकिन डिवाइडर के पास से वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। क्योंकि हाजीपुर की ओर से वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ था। सेतु निर्माण कार्य को लेकर पाया संख्या 1 से 10 तक परिचालन प्रभावित है। पीपा पुल एक लेन शुरू होने के बाद भी जाम की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
असुविधा