तीन चरणों में दूर की जाएंगी एनएमसीएच की समस्याएं
एनएमसीएच की व्यवस्था में बेहतर सुधार के लिए शुक्रवार को अस्पताल में बैठक हुई। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो, इसका खासा ख्याल रखा जाएगा। विभाग में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। विभागों की समस्याओं को तीन चरणों में दूर किया जाएगा। जरूरत के जो सामान खरीदने हैं, उसे पहले चरण में रखा जाएगा।
इसके बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य कमियों को दूर किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के एचओडी ने अपने विभाग की जरूरतों को रखा। कई विभागों ने मशीन खरीदने की आवश्यकता जताई तो कई ने वार्ड की समस्याएं रखीं।
सहूलियत
नए गार्ड की होगी तैनाती
बैठक में इस बात पर भी निर्णय लिया गया कि पहले वाली एजेंसी द्वारा ही अब नए गार्ड की तैनाती अस्पताल में होगी। दो दिन पहले स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल के विभिन्न विभागों की कमियों को दूर करने के लिए समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया था। निर्देश के आलोक में ही बैठक हुई। पिछले दिन अस्पताल से जूनियर डॉक्टरों की डिमांड पर अस्पताल में तैनात सभी सुरक्षा प्रहरियों को हटा दिया गया था। अब नए सिरे से गार्ड की तैनाती का निर्णय लिया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के ओएसडी सुधीर कुमार, अधीक्षक डाॅ. एपी सिंह, उपाधीक्षक डाॅ. गोपाल कृष्ण के अलावे बीएमएसअाईसीएल के पदाधिकारी भी शामिल हुए।