1 लाख उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने के बाद होगी बिलिंग
राजधानी पटना समेत राज्य के ग्रामीण इलाकों के दुकानों, स्कूलों, संस्था के कार्यालयों में अगर बिजली मीटर के बिना कनेक्शन चालू है तो बिजली कंपनी 1 अप्रैल, 2018 से बिलिंग नहीं करेगी। बिहार राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने एनडीएस-1 और आईएएस-2 श्रेणी के उपभोक्ता के यहां मीटर लगाने के बाद ही बिलिंग करने का निर्देश दिया है। एनडीएस -1 में ग्रामीण इलाकों के स्कूलों, दुकानों, संस्था का कार्यालयों में ली जाने वाली बिजली कनेक्शन और आईएएस-2 में सिंचाई के लिए खेतों में ली जाने वाली बिजली कनेक्शन, राजकीय नलकूप चलाने के लिए ली जाने वाली बिजली कनेक्शन शामिल है। बिजली कंपनी मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार राज्य में एेसे उपभोक्ताओं की संख्या एक लाख से अधिक है, जिनके यहां मीटर नहीं लगा है। सभी डिविजनों के सप्लाई इंजीनियरों को अभियान चलाकर मीटर लगाने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों व सिंचाई के लिए खपत होने वाली बिजली का मीटर नहीं होने पर नहीं होगी बिलिंग
घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा एवरेज बिल
एक से 10 अप्रैल तक मीटर रीडिंग और बिलिंग का काम बंद रहने के कारण राजधानी पटना समेत राज्य के करीब 40 प्रतिशत से ज्यादा उपभोक्ताओं को इस माह एवरेज बिल मिलेगा। पेसू के प्रत्येक डिविजन में 1 से 10 अप्रैल के बीच जिन उपभोक्ताओं के घरों, दुकानों, कार्यालयों में लगे बिजली मीटर की रीडिंग और बिलिंग होती है। उनकी एवरेज बिल निकालने का काम चल रहा है।
बढ़ी दर पर बिलिंग
बिहार राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने 1 अप्रैल से राज्य के घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं के बिजली दर में करीब 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की है। लेकिन, सरकार ने अभी तक अनुदान बढ़ाने का अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इस कारण बिजली कंपनी ने 11 अप्रैल से बढ़े दर पर ही बिलिंग करना शुरू कर दिया है। पुराने अनुदान का लाभ उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है।