पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • राज्य के 143 निकायों के यातायात व सफाई पर कमांड सेंटर से निगरानी

राज्य के 143 निकायों के यातायात व सफाई पर कमांड सेंटर से निगरानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना के कंट्रोल कमांड सेंटर से राजधानी के साथ बिहार के सभी 143 नगर निकायों की यातातात से लेकर सफाई व्यवस्था तक की नजर रखी जाएगी। शुरुआती दौर में यह व्यवस्था राजधानी के लिए शुरू होगी। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने कहा कि पटना स्मार्ट सिटी में जो कंट्रोल कमांड सेंटर होगा, वह राज्य स्तरीय होगा। शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त सह स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद किशोर की अध्यक्षता में पटना को स्मार्ट सिटी बनाने के उद्देश्य से होटल मौर्या में नेशनल स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इसका उद्‌घाटन उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने किया। प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने कहा कि इंटिग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर की स्थापना करने के लिए स्थायी स्थल का चयन किया गया है। स्थायी भवन बनने तक पुलिस अधीक्षक यातायात के कार्यालय के दूसरे फ्लोर पर कमांड कंट्रोल सेंटर कार्यरत रहेगी। इस परियोजना पर पांच साल के लिए 177 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पटना से पूरे बिहार के सभी नगर निकायों पर नजर रखी जाएगी।

इंटिग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से रहेगी नजर
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, कचरा ट्रांसपोर्टेशन, सफाई व्यवस्था, किस मोड़ या चौराहे पर किसने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, कहां की ट्रैफिक व्यवस्था की क्या स्थिति है? किस सड़क या चौराहे के डस्टबिन में कचरा भरा है? किसी व्यक्ति को हेल्प सर्विसेज चाहिए, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की जरूरत है तमाम तरह की सुविधाएं एक ही सेंटर से उपलब्ध होगी।

चार जगहों पर लगेंगे एसकेलेटर
पटना शहर के डाकबंगला चौराहा, करगिल चौक, सेंट जेवियर स्कूल गांधी मैदान तथा आयकर गोलंबर पर फुट ओवरब्रिज के साथ लोगों के चढ़ने-उतरने के लिए एसकेलेटर लगाया जाएगा। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट एप्टिसा द्वारा पटना नगर निगम के विभिन्न वार्डों में ई-टॉयलेट लगाया जा रहा है।

100 करोड़ में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी में 100 करोड़ की लागत से पूरे पटना शहर में 1100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी कैमरे को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के स्मार्ट सॉल्यूशन के अंतर्गत कमांड कंट्रोल सेंटर की स्थापना, सीसीटीवी से निगरानी, एलईडी स्ट्रीट लाईट आदि होगी।

चार शहरों में खर्च होंगे एक-एक हजार करोड़ रुपए
स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव का उद्‌घाटन करते उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी व आनंद किशोर।

सुशील मोदी बोले- अन्य शहरों के लिए उदाहरण बनें स्मार्ट शहर
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि स्मार्ट सिटी में खेल का मैदान, फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, कचरा प्रबंधन और आईटी आधारित ट्रैफिक सिस्टम की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित राज्य के चार शहरों में अगले पांच साल में एक-एक हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नेशनल स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, उतर प्रदेश, झारखंड, जलंधर, अमृतसर, रायपुर, आगरा, मुरादाबाद, सोलापुर और दुर्गापुर से वक्ता आए थे। कॉन्क्लेव में डीएम कुमार रवि, मेयर सीता साहू के अलावा विभिन्न शहरों से आए प्रतिनिधि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...