मीटिंग में न पहुंचे पिता तो स्कूल के डायरेक्टर ने बच्चे को पीटा
पटना| पाटलिपुत्र गोलंबर के पास स्थित एक निजी स्कूल के डायरेक्टर के खिलाफ आठवीं कक्षा के छात्र अस्तित्व रंजन के पिता राजेश रंजन ने पाटलिपुत्र थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पाटलिपुत्र के ही रहने वाले राजेश ने पुलिस को बताया कि स्कूल में शनिवार को ओरिएंटेशन प्रोग्राम था। अचानक आवश्यक काम आ जाने के कारण मैं मीटिंग में उपस्थित नहीं हो सका। बेटा स्कूल गया तो डायरेक्टर ने मीटिंग में मेरे नहीं होने के कारण उसे पीट दिया। बच्चे का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया। थानेदार टीएन तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पिटाई के बाद बच्चा स्कूल से घर जाने लगा। लेकिन आधे रास्ते ही पहुंचा था कि गार्ड उसे वापस स्कूल ले गया। वापस आने के बाद बच्चे ने पिता को फोन कर बताया कि स्कूल में उसकी पिटाई हुई है। उसके पिता स्कूल पहुंचे और बच्चे को इलाज कराने ले गए। राजेश डायरेक्टर से शिकायत करने पहुंचे तो उन्होंने अपने चैंबर में उन्हें बंद कर दिया और उनका मोबाइल छीन लिया। उन्हें शक था कि मैं रिकार्डिंग कर रहा हूं। इतना ही नहीं उन्होंने मोबाइल का सारा डेटा डिलीट कर दिया।