दरभंगा के बहेड़ी में 20 को उज्ज्वला दिवस
पटना |पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से ग्राम स्वराज अभियान के तहत 20 अप्रैल को दरभंगा स्थित बहेड़ी प्रखंड में उज्जवला दिवस मनाया जाएगा। इसमें केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भाग लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत कनेक्शन वितरण सहित कई कार्यक्रम होंगे। ग्राम स्वराज अभियान के तहत पूरे देश में 15 हजार एलपीजी पंचायत के आयोजन का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में 49 लाख लोगों को कनेक्शन दिया गया है। एलपीजी पंचायत में कम से कम 500 महिलाओं के भागीदारी की योजना बनाई गई है। साथ ही हर पंचायत में कम से कम 100 कनेक्शन मुहैया कराने की योजना है। शनिवार को बिहार राज्य कार्यालय के इंडियन ऑयल कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के कार्यकारी निदेशक शैलेंद्र किशोर शर्मा ने यह बातें कहीं। इस मौके पर बिहार राज्य कार्यालय के मुख्य प्रबंधक (सीसी, पी एंड सी) वीणा कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।