पार्किंग की देखरेख अब नगर निगम के हवाले
पटना | बेली रोड पर शेखपुरा मोड़ से जगदेवपथ के बीच बनाए गए फ्लाईओवर की देखरेख का जिम्मा अब नगर निगम को सौंप दिया गया है। फ्लाईओवर के नीचे तीन किलोमीटर के दायरे में 1500 गाड़ियों की पार्किंग और पुल के ऊपर लाइट की व्यवस्था तुरंत बहाल करने को कहा गया है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा किया गया टेंडर असफल रहा है। तीन बार टेंडर फेल होने के बाद पार्किंग 58 लाख में बेची गई थी। लेकिन, वसूली नहीं होने के कारण ठेकेदार ने छोड़ दिया। इस कारण एक साल से यहां पार्किंग फ्री में चल रही है। साथ ही बल्ब भी लगातार फ्यूज होते जा रहे हैं। पुल पर लगाए गए 10 लाख के गमले भी हटा दिए गए हैं। इन्हें पुल के नीचे फेंक दिया गया है। गमले लगातार ध्वस्त हो रहे हैं।
इन पार्किंग की होगी बंदोबस्ती
बोरिंग कैनाल रोड, जगदेव महतो मार्ग, आर्य कुमार रोड, वैशाली गोलंबर से दिनकर गोलंबर तक के दोनों लेन के बीच में पार्किंग की व्यवस्था है। इसका संचालन भी नगर निगम द्वारा किया जाता है। साथ ही पार्किंग एरिया का रखरखाव भी निगम को ही करना होता है। पथ निर्माण विभाग ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर को पत्र लिखकर जल्द से जल्द इसकी बंदोबस्ती करने का निर्देश दिया है।
साफ-सफाई का निर्देश : पथ निर्माण विभाग ने शहर के सभी फ्लाईओवर की साफ-सफाई बेहतर करने को कहा है। इसे लेकर निगम से पथ और फ्लाईओवर की सूची मांगी गई है। साथ ही निगम द्वारा जिन नए स्थानों पर पार्किंग संचालित की जा रही है, इसकी जानकारी भी देनी होगी।