अंगदान कीजिए, ताकि मौत के बाद भी आपका शरीर दूसरे के काम आए
पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित पार्क में रविवार को दधीचि देह दान समिति की ओर से जन जागरण अभियान का आयोजन किया गया। दधीचि देह दान समिति के मुख्य संरक्षक व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि आज समाज को अंगदान व देहदान की जरूरत है। मेडिकल कॉलेजों में विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए मृत शरीर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोगों में दृष्टिहीनता की बीमारी होने पर प्रत्यारोपण के लिए आंख उपलब्ध नहीं होती है। बिहार में भी अन्य राज्यों की तरह अंगदान के प्रति जागरुकता लाने की जरूरत है।
मोदी ने लोगों से नेत्र दान करने की अपील की। दधीचि देह दान समिति के सदस्य व दीघा के विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि दधीचि देहदान समिति बिहार में चार वर्ष पहले अस्तित्व में आया। आज नतीजा सामने आ रहा है लोग आगे बढ़कर स्वतः आंख दान और देहदान कर रहे हैं। आईजीआईएमएस के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने प्रत्यारोपण तथा अंगदान से संबंधित तकनीकी जानकारी लोगों को दी और बताया कि अभी तक आईजीआईएमएस में 200 से अधिक लोगों में आंख प्रत्यारोपित किया जा चुका है। मौके पर शिक्षाविद डॉ. एम रहमान, डॉ. सुभाष प्रसाद, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसडी संजय, बिमल जैन, डॉ. राजीव सिंह, अभिजीत कश्यप, अमृता भूषण, मुकेश हिसारिया, शशि मोहन आदि थे।
देहदान के लिए लोगों का आह्वान करते उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी।
दलितों को गुमराह कर रही कांग्रेस
पटना| उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने रविवार को ट्वीट किया- जिन्होंने दलितों के लिए कुछ नहीं किया, वे अब उन्हें गुमराह करने के हथकंडे अपना रहे हैं। मुंबई, नागपुर, दिल्ली से लेकर लंदन तक बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को करोड़ों रुपए लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दलित-वंचित समाज के पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। ये सारे स्थान कांग्रेस राज में 60 साल से उपेक्षित थे। कांग्रेस को कभी इसकी चिंता नहीं हुई। पर, आज दलित उपेक्षा की चिंता हो रही है। उन्होंने कहा- केंद्र और राज्य की एनडीए सरकारों ने दलितों के लिए बहुत कम समय में इतने काम कर दिए हैं कि राहुल गांधी, मायावती और लालू प्रसाद को अपना चेहरा बचाने के लिए रोज नए झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा ने मोदी को बधाई दी : भाजपा युवा मोर्चा ने मोदी को पार्टी द्वारा तीसरी बार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होने पर बधाई दी। मीडिया प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि अध्यक्ष मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष साहिल सिंह, उपाध्यक्ष राहुल यादव, अनिकेत झा, कृष्णा सिंह, अमित गोलू, मंत्री गौरव, कार्य समिति सदस्य अशोक राय, संतोष ने उपमुख्यमंत्री के आवास पर जाकर उन्हें स्मृति चिह्न व अंग वस्त्र भेंट कर शुभकामना दी।