सीरिया पर अमेरिका, ब्रिटेन व फ्रांस के हमले की एसयूसीआई ने की निंदा, पुतला फूंका
पटना |सीरिया पर अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस के संयुक्त हमले के खिलाफ एसयूसीआई कम्युनिस्ट ने भगत सिंह चौक पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका। पार्टी ने हमले की कड़ी निंदा की है। पुतला दहन के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्टी के बिहार राज्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस द्वारा संयुक्त रूप से सीरिया पर मिसाइल हमला किया गया है। यह हमला इस बहाने की आड़ में किया गया है कि सीरिया सरकार ने विद्रोहियों के खिलाफ रसायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है जो पूरी तरह निराधार है। अमेरिका अपना वर्चस्व कायम करने के लिए कमजोर मुल्कों पर हमले कर उनकी स्वतंत्रता छीन रहा है। इस मौके पर सूर्यकर जितेंद्र, राजकुमार चौधरी, बैद्यनाथ शर्मा अनामिका सहित कई लोग शामिल थे।