मौसम... 20 अप्रैल तक 40 पार पहुंचेगा राजधानी में पारा
पटना | राजधानी सहित आसपास के इलाकों में तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रात में चली पूर्वी हवा के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ा है। वहीं आर्द्रता अधिक होने के कारण दिन के तापमान में रविवार के मुकाबले एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। दिन में चल रही पछुआ हवा और तेज धूप के कारण धरती तपने लगी है। 40.8 डिग्री के साथ गया सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ है। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो 19 से 20 अप्रैल के बीच बिहार का तापमान 40 के पार पहुंचने की संभावना है। बिहार के पूर्वी इलाकों में आर्द्रता अधिक होने के कारण अब भी बादल मौजूद हैं। तापमान सामान्य से नीचे होने के कारण गर्मी से राहत मिल रही है।