जुलाई से पहले नहीं हो पाएगा अशोकनगर जीरो प्वाइंट संप हाउस का निर्माण कार्य पूरा
अशोक नगर जीरो प्वाइंट पर बन रहा संप हाउस अब सिंकिंग में उलझ गया है। कुएं के आकार के निर्माण को जमीन के अंदर शिफ्ट किया जा रहा है। बिहार राज्य जल पर्षद के प्रबंधक निदेशक राजेश मीणा ने बताया कि मई तक संप को पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है। तकनीकी परेशानी के कारण देरी हो रही है। कुआं निर्माण में अधिक समय लग रहा है। हालांकि, 17 फीट गहरे कुएं का 15 फीट जमीन के अंदर शिफ्ट किया जा चुका है। अगले कुछ हफ्तों में काम पूरा हो जाने की संभावना है। सिंकिंग के बाद तेजी से काम पूरा होगा।
क्यों हो रही परेशानी : इसे जमीन से 17 मीटर अंदर सिंक करने के बाद डेढ़ मीटर ऊपर तक बनाया जाएगा। 10 मीटर की चौड़ाई में इस कुएं का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य अब भी 15 फीसदी बाकी है। 15 मीटर सिंकिंग के बाद मिट्टी कठोर हो गई है। इस कारण इसे पूरी तरह शिफ्ट होने में अभी डेढ़ से दो महीने तक का वक्त लगने की संभावना है। कुएं के ऊपर दो-तीन पंप लगाना, इसे कवर करना और बिजली कनेक्शन के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का काम अभी बाकी है। इस हिसाब से जुलाई तक का समय लगने की संभावना है।
इस तरह हो रहा काम
जल पर्षद के इंजीनियर बताते हैं कि बिजली ट्रांसफार्मर का काम एक दिन में पूरा हो जाएगा। ग्रेविटी पाइपलाइन (नाले के पानी को निकालने वाली पाइपलाइन) बनकर तैयार है। साथ ही पानी ओवरफ्लो होने के बाद दूसरे पंप तक पहुंचने वाले नाले को तैयार किया जा रहा है। फिर यहां से दूसरे शक्तिशाली पंप के फोर्स से आगे बढ़ जाएगा। कुएं के ऊपर छत बनाकर इस पर मोटर पंप का इंस्टॉलेशन किया जाएगा।
इन इलाकों में जलजमाव से परेशानी
संप हाउस के आसपास पोस्टल पार्क रोड नंबर एक, दो, तीन, चिरैयाटांड़, रामनगर, इंदिरा नगर, रामकृष्णा नगर, मीठापुर का कुछ हिस्सा, खासमहल, रामनगर, चांदमारी रोड, करबिगहिया का पानी यहीं से होकर निकलता है। जीरो प्वाइंट के नाले से होकर योगीपुर संप हाउस तक पानी के फ्लो को तेज करने के लिए ही अशोक नगर संप हाउस का निर्माण कराया गया है। वर्तमान में बुद्ध नगर रोड नंबर एक के पास बन रहे नाले के कारण पानी को ब्लॉक किया गया है। पार्षद फंड से हो रहे निर्माण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसे जल्द ही पूरा होने की संभावना है। वार्ड 31 की पार्षद रानी सिन्हा ने कहा है कि बार-बार बात करने के बाद भी इसकी रफ्तार नहीं बढ़ती। निर्माण कार्य की रफ्तार को देखते हुए यही लगता है कि इस बार का बारिश भी न गुजर जाए।
चार वार्डों को मिलेगी राहत
डिप्टी मेयर विनय कुमार पप्पू ने बताया कि जीरो प्वाइंट संप हाउस का निर्माण पूरा हो जाने से वार्ड 29, 30, 31, 32 और 33 के इलाके को जलजमाव से राहत मिलेगी। इलाके का पानी संप से दो नाले से होकर आगे जाएगा। यहां का पानी योगीपुर और एनबीसीसी नाले तक आसानी से पहुंच जाएगी। अधिक बारिश होने पर 950 एचपी के तीन मोटर एक साथ चलेंगे। जो जलजमाव से कुछ ही घंटों में पानी निकासी में मददगार होंगे।
मीठापुर में संप हाउस व बेउर तक नाला निर्माण का शिलान्यास 18 को
पटना। बिहार राज्य जल पर्षद द्वारा मीठापुर में बनने वाले संप हाउस का शिलान्यास 18 अप्रैल को होगा। 48.94 करोड़ की लागत से बनने वाले इस संप और छह किलोमीटर लंबे नाले का टेंडर फाइनल हो गया है। बरसात से पहले इसका निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इसके बन जाने से बेउर, अनीसाबाद, विष्णुपुरी, गर्दनीबाग, यारपुर और मीठापुर सहित बाइपास किनारे के बड़े इलाके को जलजमाव से राहत मिलेगी। इसके पूरा होने में दो से ढाई वर्ष का समय लगेगा।