डीजीपी से बातचीत के बाद राबड़ी ने वापस ली सुरक्षा
डीजीपी केएस द्विवेदी से हुई बातचीत के बाद पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने सोमवार को अपनी सुरक्षा वापस ले ली। दिन में डीजीपी ने उन्हें फोन किया था। कहा- ‘आपकी सुरक्षा बहाल कर दी गई है। आपके मुद्दे अलग हैं। नियमानुसार उसका निपटारा किया जाएगा। पर इसे लेकर सुरक्षाकर्मी परेशान हो रहे हैं। धूप में खड़े रहते हैं।...’ फिर पूर्व सीएम ने डीजीपी की बात मान ली। बोलीं- ‘आप कहते हैं तो रख लेते हैं।’ आखिरकार बीएमपी-2 के 17 सुरक्षाकर्मियों का दस्ता राबड़ी देवी की आवास (10, सर्कुलर रोड) की सुरक्षा में तैनात हो गया।
बीते 10 अप्रैल को सीबीआई द्वारा पूर्व सीएम राबड़ी देवी व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से हुई पूछताछ के कुछ समय बाद सुरक्षा दस्ता हटाने पर विरोध दर्ज कराते हुए राबड़ी ने सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया था। इसे लेकर हुए विवादों के बीच पुलिस मुख्यालय ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सुरक्षा को लेकर गठित विशेष कमेटी ने पूर्व सीएम लालू प्रसाद के न्यायिक हिरासत में होने के कारण उनकी सुरक्षा में प्रतिनियुक्त बीएमपी दस्ते को हटाया था। वहीं तीन पुलिस अफसरों के साथ सीआरपीएफ दस्ते (2 अफसर व 8 जवान) की तैनाती बरकरार रखी गई थी।