फुलवारी में 6 अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच, एक सील
फुलवारीशरीफ | पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत सदर एसडीओ के नेतृत्व में मंगलवार की शाम को फुलवारी के आधा दर्जन आल्ट्रासाउंड सेंटर में छापेमारी की। अवैध रूप से चल रहे एक सेंटर को सील कर दिया।
शेष सेंटरों के कागजात और सर्टिफिकेट ठीक पाए गए। एसडीओ सदर भावेश मिश्रा के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ प्रखंड के सामने आल्ट्रा साउंड और एम्स रोड में स्थित कई सेंटरों पर छापेमारी की गई। एम्स रोड स्थित त्रिलोकी इमेजिंग रिसर्च सेंटर अवैध रूप से चल रहा था, जिसे प्रशासन ने सील कर दिया। टीम के साथ रहे बीडीओ शमशीर मल्लिक ने बताया कि इसके कर्मचारियों काे डाॅक्टर का नाम भी नहीं मालूम है।
चाकूबाजी की घटना के बाद व्यापारी दहशत में
सिटी रिपोर्टर| पटना सिटी
टेढ़ी घाट स्थित मार्केट में घुसकर चाकूबाजी कर दुकानदार व कर्मचारी को जख्मी किए जाने की घटना से कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बन गई है। मंगलवार को इसी बात को लेकर दुकानदारों के बीच चर्चा होती रही। प्रमुख मनिहारी मंडी मच्छरहट्टा व उससे जुड़ी अन्य मंडियों में पुलिस की तैनाती काफी कम होती है। सीसीटीवी कैमरे का भी अभाव है। कुछ जगहों पर कैमरे को दुकानदारों ने अपने दुकानों व गोदाम के दायरे में रखा है। ऐसे में बाजार की गतिविधियों पर कैमरे की नजर नहीं रहती है।
बहादुरपुर के लॉज में छात्र ने पंखे से झूल की खुदकुशी
सिटी रिपोर्टर|पटना सिटी
बहादुरपुर थाना क्षेत्र में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र हर्षित राज (18) ने कमरे में पंखे से झूलकर खुदकुशी कर ली। मंगलवार को पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह बहादुरपुर थाना पुलिस को बहादुरपुर गांव स्थित छात्रावास में छात्र के खुदकुशी करने की जानकारी मिली। बहादुरपुर थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के बाली गांव निवासी योगेंद्र सिंह के पुत्र हर्षित राज के रूप में हुई है। मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब हर्षित सुबह अपने कमरे से बाहर काफी देर तक नहीं निकला। दूसरे कमरे के छात्रों ने काफी देर तक दरवाजा पीटा लेकिन कोई आवाज नहीं मिलने पर छात्रावास के लोग अनहोनी की संभावना जताई। बहादुरपुर थाने को सूचना दी गई। पुलिस की निगरानी में कमरे को खोला गया। पाया कि छात्र गमछा के सहारे पंखे से झूल रहा है।