पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • बेउर मोड़ से मीठापुर बस स्टैंड तक दो साल में बनेगा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज

बेउर मोड़ से मीठापुर बस स्टैंड तक दो साल में बनेगा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने बुधवार को जयप्रकाश नगर में बेउर मोड़ से मीठापुर बस स्टैंड तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना का शिलान्यास किया। मंत्री ने दावा किया-यह योजना दो साल में पूरी होगी। इससे शिवपुरी, विष्णुपुरी, चितकोहरा, न्यू अलकापुरी, जयप्रकाश नगर, सरिस्ताबाद, गर्दनीबाग, जक्कनपुर इलाके को जलजमाव से मुक्ति मिलेगी। मंत्री ने कहा-इस योजना पर 4894.99 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अंतर्गत मीठापुर में 2375.00 किलोलीटर क्षमता का संप हाउस बनेगा। कुल 3000 एचपी का पंप मोटर व 33000 केवीए का पावर सबस्टेशन बनेगा। नाला 7.2 किलोमीटर लंबा होगा। मंत्री ने इस योजना को हर हाल में समय (2 वर्ष) पर पूरा करने का निर्देश दिया। विभाग के प्रधान सचिव राजेश मीणा ने समय वाली बात दोहराई। बोले-सड़क की पूरी चौड़ाई को ध्यान में रखा जाए। जिला प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाते हुए नाला का निर्माण किया जाए। यह काम अमृत योजना के तहत हो रहा है।

स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना का शिलान्यास करते पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, नगर विकास मंत्री सुरेेश शर्मा, मेयर सीता साहू और अन्य अतिथि।

नाले का पानी साफ करके होगी सिंचाई

नगर विकास मंत्री ने कहा- नाले का पानी साफ करके उससे सिंचाई करने की तैयारी है। कचरे से खाद और बिजली बनेगी। बहुत जल्द यह सब साकार रूप में दिखेगा। उनके अनुसार, 2019 तक पटना शहर की सभी सड़कें पूरी तरह दुरुस्त दिखेंगी। हर शहर में श्मशान घाट बनाने की तैयारी है। मंत्री ने कहा-हम आम शहरियों को तमाम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी को पूरा करने में लगे हैं।

मंत्री बोले: चौड़ा होगा सिपारा-जक्कनपुर रोड

पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि सिपारा-जक्कनपुर रोड चौड़ा होगा। आरओबी भी बनेंगे। उन्होंने शहरों के लिए अपने विभाग द्वारा किए गए और किए जा रहे कार्यों की व्यापक चर्चा की।

ये भी थे मौजूद | शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने की। अरूण कुमार सिन्हा, संजीव चौरसिया, नितिन नवीन (सभी विधायक), पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, निगम के वार्ड पार्षद, बिहार राज्य जल पर्षद के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता, सचिव तथा पटना नगर निगम के अन्य पदाधिकारी भी थे।

खबरें और भी हैं...