टीआईएसएस की समस्याओं का समाधान करें पीएम : शरद
पटना। जदयू के बागी नेता शरद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) की समस्याओं के समाधान के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। टीआईएसएस में कई दिनों छात्रों की हड़ताल चल रही है। शरद ने पीएम को पत्र लिख कर कहा कि टीआईएसएस विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय से पूरी तरह से वित्त पोषित है। इसमें अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़े वर्गों के छात्र भी अध्ययन करते हैं। उन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही है। टीआईएसएस प्रबंधन ने वर्ष 2014 में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों की शुल्क छूट की व्यवस्था को स्थगित कर दिया था। वर्ष 2016 में अनुसूचित जाति, जनजाति के छात्रों पर भी इसे लागू कर दिया। इन छात्रों को सामान्य छात्रों की तरह शुल्क चुकाने को कहा जा रहा है जिसका वे विरोध कर रहे हैं। यादव ने कहा कि संस्थान के छात्र यूनियन के महासचिव फहद अहमद ने बताया है कि वर्ष 2015 से टीआईएसएस में अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों की संख्या कम हो रही है। और, वे बीच में ही पढ़ाई छोड़ रहे हैं।