निष्ठा व ईमानदारी से निर्णय करें न्यायाधीश : राज्यपाल
पटना|बिहार न्यायिक अकादमी पटना में प्रशिक्षण पा रहे 28वीं बैच के प्रोबेशनर असैनिक न्यायाधीश (जूनियर डिविजन) बैच 2 के प्रशिक्षु न्यायाधीशों ने राजभवन में राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मुलाकात की। राज्यपाल ने प्रशिक्षु न्यायाधीशों को शुभकामना देते दी। सत्य, निष्ठा और ईमानदारी से निर्णय देने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि समाज में अंतिम पायदान के सबसे गरीब आदमी को सस्ता, सहज और संपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के प्रति हमेशा तत्पर रहना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना, भारतीय संविधान और भारतीय न्यायपालिका हमारे देश का गौरव है। इन्होंने विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रवि रंजन ने कहा कि परिश्रम के बद पर सेवा में प्रतिष्ठा प्राप्त की जा सकती है। अकादमी के निदेशक नवनीत पांडेय ने स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक कुमार सिंह मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन राज्यपाल विशेष कार्य पदाधिकारी (न्यायिक) फूलचंद्र चौधरी ने किया। मौके पर अकादमी एवं राज्यपाल सचिवालय के सभी वरीय अधिकारी मौजूद थे।