राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उच्च शिक्षा में सुधार पर हुई चर्चा
राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उच्च शिक्षा में सुधार पर हुई चर्चा
पटना | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राजभवन जाकर राज्यपाल सत्यपाल मलिक से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने पर चर्चा हुई। विभिन्न विश्वविद्यालयों में नए सत्र से हो रहे सुधार पर चर्चा हुई। बीएड में कॉलेजों में नामांकन के लिए संयुक्त परीक्षा आयोजन पर भी बात हुई। राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने उच्च शिक्षा में सुधार की आवश्यकता जताई।
राजीव रंजन ने कहा-राहुल गांधी व कांग्रेस की विचारधारा हिन्दू विरोधी, माफी मांगें
पटना | भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजीव रंजन ने राहुल गांधी पर हिंदू विरोधी विचार रखने का आरोप लगाया है और इसके लिए माफी मांगने को कहा है। उनके अनुसार अमेरिकी राजदूत टिम रोमर द्वारा 2009 में अपनी सरकार को लिखे टेलीग्राम से देश के हिंदुओं के प्रति राहुल गांधी की सोच का पता चलता है। टेलीग्राम में साफ लिखा है कि राहुल गांधी ने कहा था कि भारत में लश्कर-ए-तैयबा को कुछ मुसलमानों का समर्थन मिला हुआ है, लेकिन इससे बड़ा खतरा यहां पनपते कट्टर हिंदू संगठनों से हो सकता है। अब इससे बड़ा क्या सबूत हो सकता है कि राहुल और उनकी पार्टी की सोच पूरी तरह हिंदू विरोधी है। उन्होंने लंबे अरसे तक हिंदुओं के खिलाफ झूठा प्रचार किया और केवल वोट की राजनीति के लिए भगवा आतंकवाद शब्द का प्रयोग किया।
कॉम्फेड का स्थापना दिवस | मोदी बोले- शादी व अन्य मौकों पर सुधा के दही-दूध का करें उपयोग
देशी नस्ल के पशुओं पर रिसर्च के लिए डुमरांव में खुल रहा संस्थान
पॉलिटिकल रिपोर्टर | पटना
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि देसी दुधारू पशु नस्लों का संरक्षण और विकास जरूरी है। यहां की भीषण गर्मी को विदेशी नस्ल के पशु बर्दाश्त नहीं कर सकते, जबकि यहां का मौसम देसी नस्ल के अनुरूप है। देसी नस्ल के पशुओं पर रिसर्च व विकास के लिए डुमरांव में संस्थान खोला जा रहा है। राज्य के लोगों को शादी-विवाह और अन्य उत्सव पर सुधा की मिठाई, दूध और दही का उपयोग करना चाहिए। बुधवार को वे कॉम्फेड के 35वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए संयंत्र लगने से राज्य में दूध उत्पादन क्षमता 62 टन से बढ़ कर 122 टन हो जाएगा। आइसक्रीम उत्पादन क्षमता 3 हजार एमटी से बढ़ कर 43 हजार टन हो जाएगा। कृषि रोडमैप के आधार पर अगले चार-पांच साल में दूध उत्पादन प्रतिदिन 50 लाख लीटर का लक्ष्य रखा गया है।
ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अब तो यहां बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए डेयरी संयंत्र लगाने में कोई परेशानी नहीं है। पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि कॉम्फेड के माध्यम से राज्य में दूध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में रोजगार की संभावना बढ़ी है। दूध उत्पादन से गांव की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है। सहकारिता मंत्री राणा रणधीर ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से दूध उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की सचिव डॉ. एन विजयलक्ष्मी ने कहा कि 2653 दुग्ध उत्पादक महिला समितियों में 1.27 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं। अभी कॉम्फेड देश में दूध उत्पादन में 9वें स्थान पर है। हमें पहला या दूसरा स्थान पर आना है। कॉम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव ने स्वागत करते हुए उपलब्धियां गिनाईं। धन्यवाद ज्ञापन कॉम्फेड के महाप्रबंधक राजीव वर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चंद्र, मनीष वर्मा, पटना डेयरी के सुधीर कुमार सिंह मौजूद थे। इस दौरान कॉम्फेड की ओर से राज्य सरकार को 2.33 करोड़ रुपए का लाभांश दिया गया। विभिन्न दुग्ध संघों को लाभांश व मूल्यांतर के रूप में 8.93 करोड़ की राशि दी गई। कॉम्फेड के वार्षिक प्रतिवेदन व पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
नीतीश व मोदी समेत विप चुनाव के सभी प्रत्याशी निर्विरोध होंगे निर्वाचित, आज मिलेगा प्रमाणपत्र
पटना| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत सभी 11 उम्मीदवार गुरुवार को विधान परिषद के लिए विधिवत चुन लिए जाएंगे। शाम साढ़े तीन बजे इन्हें जीत का प्रमाणपत्र मिल जाएगा। तीन बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। इसके बाद इनकी जीत की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। विधानसभा के सचिव रामश्रेष्ठ राय इन्हें जीत का प्रमाणपत्र सौंपेंगे। जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रामेश्वर महतो और खालिद अनवर को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान और राजद ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, रामचन्द्र पूर्वे और सैयद खुर्शीद मोहम्मद मोहसिन को जबकि कांग्रेस ने प्रेमचंद्र मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा हम ने संतोष मांझी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिसे राजद का समर्थन प्राप्त है। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं उतरने के बाद सबकी जीत पक्की हो गई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चेक सौंपतीं डॉ. एन विजयलक्ष्मी। साथ में सुशील मोदी।
पटना, गुरुवार, 19 अप्रैल, 2018
21 मई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करने का निर्देश
पटना|राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को 21 मई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करने का निर्देश दिया है। राज्य के 38 जिलों में पंचायत के 2418 पदों व 8 जिलों के कुछ नगर निकायों में उपचुनाव होना है। उधर नगर पंचायत केसरिया व साहेबगंज में 19 अप्रैल को मतदान होगा। केसरिया के 11 वार्डों में 13 व साहेबगंज के 12 वार्डों में 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। केसरिया में 73 अभ्यर्थी और साहेबगंज में 59 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। जिला स्तर के साथ ही आयोग मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
राष्ट्र मंच का होगा सम्मेलन
भाजपा के विक्षुब्ध नेताओं का 21 को पटना में जुटान
पॉलिटिकल रिपोर्टर | पटना
भाजपा के विक्षुब्ध नेताओं का जुटान 21 अप्रैल को पटना में होगा। बैनर पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा की अगुवाई वाले राष्ट्र मंच का होगा। धनश्याम तिवारी व केपी सिंह ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि राष्ट्र मंच का यह पहला सम्मेलन श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा। उन्होंने स्पष्ट किया-यह संगठन राजनीतिक दल नहीं है। हां, देश को मौजूदा दुर्दशा से छुटकारा दिलाने की राजनीतिक कोशिश जरूर है। उन्होंने देश के किसानों से लेकर नौजवानों तक की स्थिति की व्यापक चर्चा की। कहा-अभी जितने बुरे हालात कभी नहीं थे। केंद्र सरकार किसी की कुछ भी सुनने को तैयार नहीं। बीते चार साल वादाखिलाफी की खुली गवाही हैं। 21 अप्रैल का आयोजन देश की दशा-दिशा बदलने का साझा प्रयास है। उनके अनुसार, इस आयोजन में शत्रुघ्न सिन्हा (भाजपा), तेजस्वी यादव (राजद), रेणुका चौधरी (कांग्रेस), जयंत सिंह (रालोद), संजय सिंह, आशुतोष (आप) के अलावा उदय नारायण चौधरी, तृणमूल कांग्रेस आदि के नेताओं की हिस्सेदारी होगी।
संजय का तेजस्वी पर पलटवार
नीतीश को चुनौती देने से पहले अपना कद तो देखें
पॉलिटिकल रिपोर्टर | पटना
प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आरक्षण पर खुली बहस की चुनौती देने के पहले तेजस्वी यादव अपना राजनीतिक कद तो देख लें। ऐसा करना तेजस्वी का सिर्फ बड़बोलापन है। संजय ने तेजस्वी से पूछा-आप 70 फीसदी आरक्षण का लॉलीपॉप दिखाकर किसे मूर्ख बना रहे हैं? क्या समझते हैं आठवीं पास होकर आप सबसे ज्यादा बुद्धिमान हैं और बाकी युवा बेवकूफ हैं? जदयू नेता का आरोप रहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद तथा उनका परिवार सामाजिक न्याय का चोला पहनकर लोगों को छलता रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आरक्षण के नियमों का पालन करते हैं। वे पहले ऐसे सीएम हैं, जिन्होंने बिहार में एससी एसटी, पिछड़ा, अति पिछड़ा, अल्पसंख्यक व सवर्णों के लिए समभाव रखा है। महिला और छात्राओं को भी अलग से आरक्षण की सुविधा दी है।
6