हाईकोर्ट ने कहा-पीयू के गोलकपुर क्षेत्र से हटाएं अतिक्रमण
पटना विश्वविद्यालय में गोलकपुर क्षेत्र से अतिक्रमण नहीं हटाए पर हाईकोर्ट ने सख्त रवैया अपनाते हुए पटना जिला प्रशासन को फौरन अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। मुख्य न्यायाधीश राजेंद्र मेनन की खंडपीठ ने गुड्डू बाबा की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का सख्त आदेश दिया। पटना के डीएम और एसएसपी को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट को बताया गया कि गोलकपुर क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारी अतिक्रमण हटाने गए, पर अनियंत्रित भीड़ ने उन्हें अतिक्रमण हटाने से रोक दिया। कोर्ट ने ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया। 4 सप्ताह बाद प्रशासन को कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।
अदालत की सख्ती
डीएम व एसएसपी को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आदेश, चार सप्ताह बाद देनी होगी रिपोर्ट
बीएसएससी पर्चा लीक घोटाले के आरोपी अनंतप्रीत सिंह बरार, कौशल सिंह और राकेश रंजन की जमानत याचिका को पटना हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति नीलू अग्रवाल की एकलपीठ ने इन सभी मामलों पर सभी पक्षों को सुनने के बाद निर्णय दिया। आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुधीर कुमार भी इस मामले में आरोपी हैं।
जमानत याचिका खारिज की
हार्डिंग पार्क के विकास पर मांगी रिपोर्ट
हार्डिंग पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण के मामले पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को 3 सप्ताह में प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। मुख्य न्यायाधीश राजेंद्र मेनन की खंडपीठ ने एडवोकेट शंभू शरण सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उक्त आदेश दिए। राज्य सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि पार्क के दक्षिणी छोर के विकास व सौंदर्यीकरण की योजना का प्रारूप तैयार कर सरकार को भेजा गया है। हरी झंडी मिलते ही पार्क के दक्षिणी भाग के विकास की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। मामले पर 3 सप्ताह बाद फिर सुनवाई की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक को हटाने के लिए याचिका
आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को पद से हटाने के लिए याचिका हाईकोर्ट में दायर की गई है। याचिकाकर्ता सूर्य कुमार सिंह की ओर से अधिवक्ता अभय कुमार सिंह ने रिट अर्जी दायर की है। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि इस पद के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता मौजूदा परीक्षा नियंत्रक के पास नहीं है।
हाईकोर्ट में एटीएम का सर्वर डाउन
हाईकोर्ट स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्थित एटीएम ग्रीन चैनल का दिन भर सर्वर डाउन रहा और आए दिन यह समस्या होती रहती है। सर्वर डाउन रहने से वकीलों को पैसा जमा और निकासी करने में बहुत असुविधा हो रही थी। वहीं हाईकोर्ट स्थित एटीएम में पैसा नहीं रहने के कारण वकील एटीएम से पैसे नहीं निकल सके।