पीएमसीएच : दोषी पाए जाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : स्वास्थ्य मंत्री
पीएमसीएच के शिशुरोग विभाग में भर्ती 6 साल की पूजा की मौत के मामले की स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने प्रधान सचिव संजय कुमार को त्वरित जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है। कहा- इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। कुछ दिन पहले ही पीएमसीएच के शिशुरोग विभाग में ई-ट्रॉली की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद इस तरह की शिकायत मिल रही है। इतना कुछ करने के बावजूद यदि ऐसी घटना घटती है तो मन को पीड़ा होती है। पूजा को अरवल से उसके परिजन इलाज के लिए लेकर आए थे।
3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित : पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. दीपक टंडन ने कहा कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी में सर्जरी विभाग के हेड, उपाधीक्षक और शिशुरोग विभाग के हेड को रखा गया है। कमेटी एक सप्ताह में सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट देगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।