गांधी मैदान में आज दीन बचाओ-देश बचाओ कॉन्फ्रेंस, सुबह 6 बजे से इंट्री
इमारत-ए-शरिया की ओर से रविवार को गांधी मैदान में दीन बचाओ-देश बचाओ काॅन्फ्रेंस होगा। इसमें शामिल होने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। पूर्व सांसद ओबैदुल्लाह खान आजमी पटना पहुंच चुके हैं। अन्य उलेमा रविवार को पटना पहुंचेंगे। शनिवार की देर शाम गांधी मैदान की सुरक्षा व अन्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए इमारत-ए-शरिया के अमीर-ए-शरियत हजरत मौलाना सैयद वली रहमानी, इमारत के नाजिम मौलाना अनिसुर रहमान कासमी, गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी, प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर, डीएम कुमार रवि, एसएसपी मनु महाराज पहुंचे। शनिवार की शाम से ही गांधी मैदान के अंदर अौर बाहर जवानों को तैनात कर दिया गया है। रविवार को एक बजे से सम्मेलन शुरू हो जाएगा और शाम पांच बजे दुआ के साथ इसका समापन हो जाएगा।
जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
सम्मेलन सुबह छह बजे से लोगों की इंट्री शुरू हो जाएगी। प्रवेश से पहले उन्हें हैंड मेटल और डोर मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। गांधी मैदान में करीब 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साढ़े हजार जवानों व पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर के उलेमा शरीक होंगे
सम्मेलन अमीर-ए- शरियत हजरत मौलाना सैयद वली रहमानी की अध्यक्षता में होगा। इसमें लखनऊ से मौलाना सैयद कलबे जव्वाद के अलावा ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य पूर्व सांसद मौलाना ओबैदुल्लाह खान आजमी, बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी, बोर्ड के सचिव मौलाना उमरैन महफूज रहमानी, जमियत अहले हदीस के अमीर मौलाना असगर इमाम मेहदी सलफी, जमाएत-ए- इस्लामी हिंद के मौलाना रफीक कासमी, कोलकाता में बोर्ड से जुड़े मौलाना अबू तालिब रहमानी, बामसेफ के अध्यक्ष डॉ. वामन मेश्राम शिरकत करेंगे। इधर एदारा-ए-शरिया ने सम्मेलन से अलग कर लिया। एदारा के मोहतमिम सैयद अहमद रजा ने बयान जारी कर कहा है कि उनके संगठन के लोग इस सम्मेलन में शिरकत नहीं करेंगे। वजह पूछने पर बताया- इस सम्मेलन को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की ओर से होने का फैसला लिया गया था पर इमारत की ओर से क्यों हो रहा है।