अतिथि शिक्षकों के लिए 87 स्कूलों ने नहीं भेजी सूची
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विषयों के शिक्षकों की कमियों को भरने का प्रयास किया जा रहा है। इस बावत प्लस टू स्कूलों से कौन-कौन से विषयों के कितने शिक्षकों की कमी है, इसकी सूची मांगी गई थी।
इस माह के मध्य तक सभी स्कूलों को रिक्त पदों की सूची दे देनी थी, ताकि स्कूलों में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति जल्द से जल्द की जा सके। छह विषयों के लिए अतिथि शिक्षकों की बहाली होनी है। डीपीओ स्थापना केशव प्रसाद ने कहा कि अतिथि शिक्षकों के लिए रिक्त पदों की सूची प्लस टू स्कूलों से मांगी गई थी। बार-बार सूचना देने के बाद भी 147 स्कूलों में से मात्र 60 स्कूलों ने ही खाली पदों की सूची भेजी है। जिन स्कूलों ने अपने स्कूलों ने खाली पदों की संख्या नहीं भेजी है। उन्हें दो दिनों का समय दिया जा रहा है। ताकि वे अपने स्कूलों की शिक्षकों की खाली पदों की संख्या को भेजें।
87 स्कूलों ने अभी नहीं भेजी है सूची
अभी तक लगभग 87 स्कूलों ने अतिथि शिक्षकों के लिए खाली पदों की सूची जिला शिक्षा कार्यालय को नहीं भेजी है। इधर, जिला शिक्षा कार्यालय में प्रत्येक दिन अतिथि शिक्षकों की बहाली को लेकर लोग पूछताछ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वे अपने स्कूल के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्राचार्य के पास पूछताछ करने जाते हैं, तो उन्हें कहा जाता है कि अभी स्कूलों में इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है।