कॅरियर प्लानर ने संस्था के सफल छात्रों को किया सम्मानित
स्वयंसेवी संस्था एलायंस क्लब से आईबीपीएस, एसएससी तथा रेलवे की परीक्षा में पास किए अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
पटना विश्वविद्यालय के कुलपति समेत कई लोग शामिल हुए
एजुकेशन रिपोर्टर | पटना
कॅरियर प्लानर के तत्वावधान में चलनेवाली स्वयंसेवी संस्था एलायंस क्लब से आईबीपीएस, एसएससी तथा रेलवे की परीक्षा में पास किए अभ्यर्थियों को शनिवार को विदाई दी गई। संस्थान की ओर से राजीवनगर स्थित एक रिसॉर्ट में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित भी किया गया। वित्तीय वर्ष 2017-18 में बिहार से चयनित 923 अभ्यर्थियों में 191 बच्चे सिर्फ करियर प्लानर के सफल हुए हैं। इनमें से 146 विद्यार्थी एलायंस क्लब के हैं। करियर प्लानर एवं एलायंस क्लब के चीफ मेंटर भूपेश कुमार ने बताया इस बार बिहार के कुल रिजल्ट में इस संस्था की भागीदारी 20.7 प्रतिशत है।
एलायंस क्लब एक स्वयंसेवी संस्था है जो एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक प्रतिभागियों को नि:शुल्क ट्रेनिंग प्रदान करता है। पीयू के कुलपति प्रो. रासबिहारी प्रसाद सिंह ने कहा नौकरी मिलना सफलता की शुरुआत है। उन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर से प्रेरणा लेने की सलाह दी। भूपेश कुमार ने सफल अभ्यर्थियों की सफलता यात्रा के बारे में बताया और सफलता के मंत्र दिए। इस मौके पर चयनित अभ्यर्थियों ने एलायंस क्लब डीएनए की शपथ ली जिससे वो देश निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। टैलेंट टीम के प्रति भी उन्होंने आभार जताया। इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक अनिल कुमार सिंह, ओवरसीज बैंक के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक रणधीर प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।