- Hindi News
- Local
- Bihar
- Patna
- नीतीश मोदी समेत सभी 11 प्रत्याशी निर्विरोध जीतेंगे, जदयू ने संजय सिंह का टिकट काटा, 2 नए चेहरे को दिया मौका
नीतीश-मोदी समेत सभी 11 प्रत्याशी निर्विरोध जीतेंगे, जदयू ने संजय सिंह का टिकट काटा, 2 नए चेहरे को दिया मौका
जदयू, भाजपा और कांग्रेस ने विधान परिषद चुनाव के लिए रविवार को उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही परिषद चुनाव में वोटिंग की संभावना खत्म हो गई है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है और उसी दिन सभी 11 उम्मीदवारों की जीत पर मुहर लग जाएगी। सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी रहेगी। जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा रामेश्वर महतो और खालिद अनवर को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान, जबकि कांग्रेस ने प्रेमचंद्र मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। सभी साेमवार को नामांकन करेंगे। राजद पहले ही पूर्व सीएम राबड़ी देवी, रामचन्द्र पूर्वे व सैयद खुर्शीद मोहसिन को प्रत्याशी बनाने व हम के संतोष मांझी को समर्थन की घोषणा कर चुका है। जदयू ने नीतीश के अलावा दोनों और भाजपा ने संजय पासवान के रूप में नया प्रत्याशी उतारा है। जदयू के मौजूदा एमएलसी संजय सिंह, चंदेश्वर चंद्रवंशी, उपेंद्र प्रसाद, राजकिशोर कुशवाहा का पत्ता साफ हो गया है।
राजद को 4 सीटों का लाभ, जदयू को 3 व भाजपा को 1 सीट का नुकसान
विधान परिषद चुनाव में जीत के लिए न्यूनतम 21 वोटों की दरकार है। राजद की एक सीट खाली होगी लेकिन उसे चार सीटें मिलेंगी। जदयू की छह सीट खाली होगी लेकिन उसे तीन सीट मिलेगी जबकि भाजपा की चार सीट खाली होने के बावजूद उसे केवल तीन सीट ही मिलेगी। तीसरी सीट पर उसे जदयू और निर्दलीय उम्मीदवारों की सहायता लेनी होगी।
परिषद में नजर आएंगे 8 नए चेहरे| पेज 7
जीतने वाले 11 उम्मीदवार
चार को फिर मौका : नीतीश कुमार, सुशील मोदी, मंगल पांडेय, राबड़ी देवी
पहली बार: संजय पासवान, प्रेमचंद्र मिश्रा, रामेश्वर महतो, खालिद अनवर, सैयद खुर्शीद मोहम्मद मोहसिन, संतोष मांझी
लंबे अंतराल बाद मौका : रामचन्द्र पूर्वे
विप में दलों का गणित ऐसा हो जाएगा
जदयू : 32, भाजपा: 22, राजद: 09, कांग्रेस: 03, भाकपा: 02, लोजपा:02, रालोसपा: 01, हम: 01, निर्दलीय: 03