मसौढ़ी व बख्तियारपुर में ट्रेन से गिरकर दो की मौत
सिटी रिपोर्टर|मसौढ़ी/बख्तियारपुर
पटना- गया रेलखंड के पुनपुन स्टेशन व पुनपुन घाट हाल्ट के बीच शनिवार की रात 63255 अप सवारी गाड़ी से गिरकर व कटकर 32 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और रविवार को उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान जमुई जिला के चंद्रमंडी थाने के रामजी मुर्मू के रूप में हुई। शनिवार की रात रामजी मुर्मू गोमो जाने के लिए 63255 अप सवारी गाड़ी से पटना से गया जा रहा था।
वहीं बख्तियारपुर रेल थाना क्षेत्र के टेका बिगहा स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर एक युवक जख्मी हो गया। जख्मी को इलाज के लिए रेल पुलिस ने पीएचसी भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रेल थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। रेल पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
निगेटिव न्यूज
सिर्फ वही नकारात्मक खबरें, जो अापको जानना जरूरी है।
दो बाइक की टक्कर में तीन युवक जख्मी
मसौढ़ी | पटना- गया एनएच -83 स्थित धनरुआ थाना के भलुआ गांव के सामने रविवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक जख्मी हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जाती है। दोनों गंभीर रूप से जख्मी युवकों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय कुम्हरटोली मुहल्ले के रणविजय सिंह पप्पू के बड़े लड़के का रविवार को तिलक था। उनका छोटा लड़का अतुल कुमार अपनी बाइक से मुहल्ले के ही एक दोस्त शिवम को बिठा रविवार की शाम नदवां बाजार गया था।