दलित व आरक्षण विरोधी इमेज को तोड़ेगी भाजपा, गांव-गांव जाएंगे नेता व कार्यकर्ता
दलितों और आरक्षण के मुद्दे पर घिरी केंद्र सरकार के इस इमेज को तोड़ने के लिए भाजपा मैदान में उतरेगी। मंगलवार को एकदिवसीय बैठक में पार्टी ने पूरे दिन इस विषय पर मंथन किया। बैठक में प्रदेश के नेताओं के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री, सांसद व विधायक भी मौजूद थे। बैठक में कांग्रेस और विरोधियों की लगातार हावी होती रणनीति पर चिंता व्यक्त की गई और इसके खिलाफ आक्रामक होकर केंद्र की नीतियों और कार्यों को हथियार बनाकर मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया। पार्टी आमलोगों के बीच दलितों और आरक्षण के लिए किए गए अपने कार्यों के साथ कांग्रेस के दलित-आरक्षण विरोधी कार्यों का लेखा-जोखा भी पेश करेगी। इसके लिए पार्टी के वरीय नेताओं के साथ-साथ आम कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे। पार्टी ने माना कि उसने दलितों के लिए कई कार्य किए हैं। आरक्षण पर भी उसने कांग्रेस और अन्य दलों से अधिक कार्य किया है। लेकिन परसेप्शन नहीं बन पा रहा। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी इसको लेकर भाजपा को चेताया था। लिहाजा भाजपा ने पहले लोगों की धारणा बदलने का फैसला किया है। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष भाजपा के कार्यों से परेशान होकर सिर्फ अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। दलितों के लिए जितना काम भाजपा ने किया है, उतना तो कांग्रेस सोच भी नहीं सकती।
कांग्रेस ने कालेलकर आयोग को दफन किया : भूपेंद्र
बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस ने काका कालेलकर आयोग को दफन कर दिया, वहीं मंडल कमीशन की अनुशंसाओं को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया। मंडल कमीशन लागू करने के वक्त भाजपा केंद्र में सरकार में थी। एससी-एसटी अत्याचार एक्ट वीपी सिंह सरकार ने लागू किया और उसमें भी भाजपा ही सरकार में थी। सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्णय के बाद रिव्यू पिटीशन भी एनडीए सरकार ने ही दायर किया। कांग्रेस कहां है? वह कभी पिछड़ों-दलितों की हितैषी नहीं हो सकती है।
सबसे पहले राष्ट्र : सौदान
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने जाति के बढ़ते प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि राजनीतिक दलों में जाति-पाति के प्रति विश्वास बढ़ना चिंताजनक है। इससे समाज या देश का भला नहीं हो सकता। पार्टी को और धार देने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथस्तर तक जाना होगा और संगठन में विश्वास करना होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जाति-वर्ग के ऊपर उठने की भी अपील की।
कोई ताकत खत्म नहीं कर सकती आरक्षण : रामकृपाल
केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में जितना काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया, उतना आजादी के बाद कभी नहीं हुआ। पहली बार ग्राम स्वराज की परिकल्पना को जमीन पर साकार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि कोई ताकत आरक्षण खत्म नहीं कर सकती। फिर भी ऐसी अफवाह फैलाना साबित करता है कि कितनी गंभीर साजिश हो रही है। बैठक में नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय, रामनारायण मंडल, कृष्ण कुमार ऋषि, ब्रजकिशोर बिंद, विनोद कुमार सिंह, डॉ. सी.पी. ठाकुर, संजय जायसवाल, जनक चमार, सतीशचंद्र दूबे, रमा देवी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, अरुण सिन्हा, नितिन नवीन, संजीव चौरसिया, अनिल सिंह, नीरज बबलू, आशा सिन्हा, नागेन्द्र, रेणु देवी, शिवनारायण, देवेश कुमार, राजेन्द्र सिंह, सुशील चौधरी, संजय टाइगर, प्रेमरंजन पटेल मौजूद थे।