गांधी मैदान में पटना हाट के 34 में से 15 स्टॉल 6 माह में ही हो गए बंद
दिल्ली हाट के तर्ज पर गांधी मैदान में बना पटना हाट बंद होने के कगार पर आ गया है। पगोड़ा शेड में बने 34 स्टॉल में 15 स्टॉल बंद हो चुके हैं। द आर्ट विलेज के नाम से खुले पटना हाट का उद्घाटन 5 अक्टूबर 2017 को प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने किया था। हाट में सौंदर्य प्रसाधन, परिधान से लेकर राज्यों के प्रसिद्ध कला और उसकी कारीगरी के नमूने की प्रदर्शनी सह बिक्री होती है।
पटना हाट को चला रही एजेंसी महाबोधि के सचिव ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय को पत्र लिख कर बंद करने की बात कही है। महाबोधि के सचिव दिलीप कुमार ने बताया पटना हाट का जितना प्रसार होना चाहिए था वह नहीं हो पाया। आए दिन गांधी मैदान में विभिन्न तरह की रैली और कार्यक्रमों की वजह से पटना हाट को बंद करना पड़ता है। इससे हाट के कारोबार पर काफी असर पड़ता है।
प्राइम लोकेशन होने के बाद भी स्टॉल पर नहीं पहुंच सके खरीदार
बिहार महिला उद्योग संघ की सचिव उषा झा ने पेटल्स क्राफ्ट का स्टॉल पटना हाट में लगाया था। बताती हैं कि पटना हाट प्राइम लोकेशन पर है। सोचा था कि यहां आर्ट क्राफ्ट का एक बेहतर मंच मिलेगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया। अंतत: स्टॉल बंद करना पड़ा। आर्टिजन चंद्र प्रकाश बताते हैं प्रचार-प्रसार हो तो पटना हाट के दिन जरूर बहुरेंगे। पटना हाट के उद्घाटन के समय प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने कहा था हाट के अंदर कल्चरल इवेंट भी हर दिन चलेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
एजेंसी से पूछा गया है स्पष्टीकरण
पटना हाट को एजेंसी नहीं चला पा रही है। 16 अप्रैल को एजेंसी को शोकॉज किया गया था। संतोषजनक जवाब नहीं पाए जाने पर एजेंसी को कैंसिल किया जाएगा। श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति की बैठक में पटना हाट को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। -आनंद किशोर, प्रमंडलीय आयुक्त