शोभायात्रा में शामिल किशोर की गंगा में डूबने से गई जान
कलश शोभायात्रा में शामिल होकर गायघाट पहुंचे एक किशोर की गंगा में डूब कर मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने अथक प्रयास के बाद बच्चे के शव को पानी से बाहर निकाला। अगमकुआं थाना क्षेत्र के दाउद बिगहा इलाके से एक शोभायात्रा गायघाट पर पहुंची थी। जिसमें काफी संख्या में लोग शामिल थे। शामिल कुछ लोग गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान एक किशोर पानी में उतरा जो वापस नहीं लौटा।
शोभायात्रा में शामिल लोग वहां से रवाना हो गए। कुछ देर के बाद परिजनों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल सका। डूबने की संभावना की सूचना लोगों ने आलमगंज थाना की पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि तत्काल एसडीआरएफ की टीम बुला कर गंगा में खोजबीन शुरू की गई। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद गुडडू राम के 13 वर्षीय पुत्र सन्नी का शव पानी से बाहर निकाला गया। लोग उसे लेकर एनएमसीएच पहुंचे। लोगों ने इस बात को लेकर गुस्से का इजहार किया कि गंगा तट पर सुरक्षा का किसी प्रकार का इंतजाम नहीं है। तट पर खतरनाक एरिया में बैरिकेडिंग करनी चाहिए। ताकि लोगों को खतरे का का अंदाजा लग सके।
शव के पास रोते-बिलखते परिजन।