मैकेनिकल गैंग 24 घंटे में दूर करेगा समस्या, दो टीमें गठित
बोरिंग में किसी प्रकार की समस्या आने के बाद पेयजल संकट को 24 घंटे के अंदर दूर कर लिया जाएगा। इसके लिए पटना सिटी में दो मैकेनिकल गैंग निगरानी करेगी। अतिरिक्त मोटर की भी व्यवस्था होगी। जल पर्षद ने इसकी तैयारी की है। पुराने व जर्जर बोरिंग पंपों की वजह से क्षेत्र में आए दिन पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है।
ट्रांसफार्मर की खराबी की वजह से भी समस्या होती है। कई दफा विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस स्थिति में अधिकारियों को पब्लिक के कोपभाजन का शिकार होना पड़ता है। बोरिंग पंप खराब होने की स्थिति में जल पर्षद ने तत्काल समस्या के निदान की रणनीति बनाई है। अभियंता विनोद तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में दो मैकेनिकल गैंग को पंपों पर निगरानी का दायित्व है। पंपों में खराबी होने की सूचना पर गैंग में शामिल कर्मचारी तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान करेंगे। जिन बोरिंग पंपों की हालत अधिक खराब है वैसे स्थानों पर नया बोरिंग पंप प्रस्तावित है। प्रस्तावित योजना के तहत मालसलामी बस पड़ाव के समीप, कटरा बाजार, नौजर कटरा, आलमगंज सहित अन्य स्थानों पर नया बोरिंग होना है।
इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मैकेनिकल गैंग के पास बोरिंग के पंप बदलने, कॉलम पाइप बढ़ाने सहित अन्य सुविधा रहेगी। ताकि तत्काल समस्या का निदान किया जा सके। कई स्थानों पर गर्मी शुरू होते ही भूतल में पानी कम होने की वजह से समस्या बढ़ जाती है।