गरीबों को सम्मान दिलाने की सजा भुगत रहे लालू
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद गरीबों को आवाज और सम्मान दिलाने की सजा भुगत रहे हैं। राजद प्रमुख ने जेल जाना कबूल किया, पर प्रतिक्रियावादी शक्तियों से लगातार लड़ते रहे। हमारा पिछड़ों, दलित व अल्पसंख्यकों के साथ दर्द, दिल और दल का रिश्ता है। वे एसकेएम हॉल में राजद द्वारा आयोजित बाबा साहब की जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में महागठबंधन में शामिल हम और कांग्रेस के भी नेता मौजूद थे।
उन्होंने भाजपा पर संविधान बदले का आरोप लगाया। कहा- पार्टी नेता और मंत्री कई मौकों पर संविधान में बदलाव की मंशा को जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि आरएसएस आरक्षण समाप्त करने की साजिश कर रही है। बालूबंदी और शराबबंदी का सबसे ज्यादा असर दलितों पर पड़ा है। जगदानंद सिंह ने दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यकों से एकजुट होने का आह्वान किया। कहा- अगले चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है।
भाजपा की मंशा साफ तो अध्यादेश लाए : पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने केंद्र सरकार पर एससी-एसटी एक्ट पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा- इस मुद्दे पर यदि भाजपा की मंशा साफ है, तो उसे अध्यादेश लाना चाहिए। पूरे देश में समान स्कूली व्यवस्था लागू करने की मांग की। कहा- दलितों की स्थिति में सुधार के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। समारोह को पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, रामचंद्र पूर्व, मंगनी लाल मंडल, अली अशरफ फातमी, मो. अशफाक करीम, मनोज झा ने भी संबोधित किया। संचालन शिवचंद्र राम ने किया। मौके पर रामजी चौधरी, प्रो. चंद्रशेखर, बंटी चौधरी, संतोष कुमार सुमन, प्रेमा चौधरी, भोला यादव, चितरंजन गगन, भाई अरुण कुमार आदि मौजूद थे।