मायावती के शासनादेश पर जवाब दें राहुल-लालू
लोजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि आरक्षण पर सिर्फ राजनीति हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी लाश पर ही आरक्षण खत्म होगा। फिर विवाद कैसा? ऐसे लोग ज्यादा बोल रहे हैं, जिन्होंने दलितों के लिए कभी कुछ नहीं किया। उन्होंने प्रखर नेता स्व. मुंगेरी लाल का संस्मरण सुनाया और कहा कि जब वे उनसे मिले और बाबा साहेब के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि नेता तो अांबेडकर ही हैं। पर, क्या करें, कांग्रेसी हैं, उनका पुतला जलाते हैं।
बापू सभागार में आयोजित जयंती समारोह में उन्होंने यूपी की पूर्व सीएम मायावती पर दलित अत्याचार एक्ट को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने मायावती के दलित एक्ट को कमजोर करने के मुद्दे पर राहुल गांधी, अखिलेश यादव और लालू यादव से भी अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। चिराग पासवान ने कहा कि आरक्षण तो आग है। इससे कोई कैसे खेल सकता है। जो खेलेगा खुद जल जाएगा।
जिनके शासन में हुआ दलितों का नरसंहार, वे ही बहा रहे आंसू
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की और बिहार में नीतीश कुमार व भाजपा की सरकार है। एससी-एसटी के साथ कभी अन्याय नहीं होगा। संविधान प्रदत्त आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट पूरी मजबूती के साथ लागू रहेगा। जिनके शासन में दलितों के सबसे अधिक नरसंहार हुए, वे ही घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आरक्षण पर बहस अनजाने में नहीं हो रहा। यह जान-बूझकर किया जा रहा है। आरक्षण खत्म करना तो दूर, कोई इसके बारे में सोच भी नहीं सकता। अब तो हम और आरक्षण लेंगे।
नरेन्द्र मोदी ने दलित एक्ट को मजबूत बनाया : रविशंकर
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने एससी अत्याचार एक्ट को पहले से ताकतवर बनाया। कानून वीपी सिंह के शासनकाल में बना, लेकिन इसमें कई अन्य प्रावधानों को नरेंद्र मोदी के समय जोड़ा गया और इसे काफी ताकतवर बनाया गया। भाजपा को ताकत मिली तो दलित को राष्ट्रपति के सर्वोच्च पद पर भी बैठाया। मायावती ने यूपी के सीएम रहते दो-दो बार शासनादेश निकाला गया। इसमें कहा गया कि एससी अत्याचार एक्ट का दुरुपयोग रोका जाए, निर्दोष को नहीं परेशान किया जाए। गंभीरता से जांच के बाद ही कार्रवाई हो। हत्या या बलात्कार के मामले में ही इसका प्रयोग हो।